आजम खां के खिलाफ अफवाह पड़ेगी महंगी, थाने पहुंचा मामला

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। मुरादाबाद समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार ने सांसद आजम खां के खिलाफ अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जिलाध्यक्ष ने शिकायत की है कि 11 मई को इंटरनेट मीडिया पर कुछ लोगों ने सांसद आजम खां के बारे में गलत अफवाह उड़ाई। कहा आजम खां नहीं रहे और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम की हालत नाजुक है। इसे लेकर समाजवादी पार्टी के लोगों ने हंगामा किया है। आजम खां मेदांता अस्पताल लखनऊ में भर्ती हैं और उनकी स्वास्थ्य के बारे में अस्पताल की ओर से लगातार बुलेटिन जारी किया जा रहा है। अब्दुल्ला आजम की हालत भी ठीक है। उन्होंने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। आजम की तबीयत को लेकर सपा कार्यकर्ता फिक्रमंद हैं और अच्छे स्वास्थ्य के लिए दुआ कर रहे है। आजम की सलामती की दुआ की जा रही है। इससे पूर्व सांसद आजम खां की पत्नी शहर विधायक डॉ तजीन फात्मा ने भी अफवाह फैलाने पर कड़ी नाराजगी जाहघ्रि की थी। उन्होंने साफ कह दिया था की ऐसा करने वालों पर कार्रवाई कराई जाएगी। इसी का नतीजा रहा कि जिलाध्यक्ष की ओर से मामले में तहरीर दे दी गई है।




