
युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
मॉडर्न प्राब्लम रिक्वायर मॉडर्न साल्यूशन अर्थात् आधुनिक समस्या के लिए आधुनिक समाधान की आवश्यकता।हम सभी आधुनिक जमाने में जी रहें हैं। वक्त के साथ स्वयं में बदलाव लाना सदैव से वक्त की मांग रही है। यदि समय के अनुसार हम अपने में बदलाव नहीं लाते हैं तो समय हमें बड़ी आसानी से बदल देता है या कभी-कभी बदलने के लिये मजबूर भी कर देता है।कई बार हमारे जीवन में कुछ बदलाव आते हैं और वह कब चुपचाप आकार हमारे जीवन का हिस्सा बन जाते हैं हमें पता ही नहीं चलता है। अभी एक ताजा उदाहरण से पता चला की हम भी आधुनिक समस्या थे और आधुनिक समाधान बन गये। दो बच्चे आपस में बात कर रहे थे। उनकी बातचीत के कुछ अंश इस प्रकार हैं। तुम्हारी मम्मी आजकल देर रात तक ऑनलाइन रहती हैं।कभी-कभी तो रात को दो तीन बजे तक भी ऑन लाइन दिखती हैं। चेहरा पुस्तिका एवं इंस्टाग्राम पर लाईक कमेंट करती हुई भी दिखती हैं। आंटी सोती नहीं हैं क्या । इसका जवाब भी कुछ ऐसा आया जिसके बारे में हमने कभी सोचा भी नहीं था। हमारी उम्मीद से बिल्कुल विपरीत।जवाब सुनिये।मेरी मम्मी रोज एक ही रट लगाए रहती थीं की सो जा बहुत रात हो गई है। इतनी रात को भी कोई जागता है क्या। नींद पूरी नहीं होगी तो जमाने भर की बीमारियां आ घेरेंगी ।इतनी रात तक मोबाईल में ना जाने क्या करता रहता है। रात को जब भी नींद खुले जागता हुआ मिलता है। तू और तेरे दोस्त लड़के हों या लड़कियां सब एक जैसे हैं। खुद तो सोते नहीं दूसरों को भी सोने नहीं देते हैं। अब वह अपने उस दोस्त को जवाब दे रहा है कि रोज-रोज की इस आधुनिक समस्या का मैंने भी आधुनिक तरीके से समाधान निकाल ही लिया।मैंने अपनी मम्मी को पापा से बोलकर एक स्मार्ट फोन दिलवा दिया। अब मम्मी उसी में विडियो देखती हैं सोशल साईट्स पर नई-नई बातें सीखती हैं। कभी व्यंजन बनाने की विधि तो कभी योगा तो कभी बागवानी।कभी कुछ लिखतीं हैं तो कभी विडियो बनातीं हैं। अब मम्मी भी नहीं चाहतीं हैं कि कोई उन्हें डिस्टर्ब करे।इसलिये मम्मी अब मुझे डिस्टर्ब नहीं करतीं हैं।और देर रात तक अपने मोबाइल पर व्यस्त रहतीं हैं। मैंने उन्हें भी अपनी तरह बना ही दिया। हुआ ना आधुनिक समस्या का आधुनिक तरीके से समाधान। हां हां वही मॉडर्न प्राब्लम रिक्वायर मॉडर्न साल्यूशन।इसमें आश्चर्य की कोई बात नहीं ऐसा ही कुछ हममें से कुछ एक महिलाओं नें भी करा है। लगभग तीस चालीस वर्ष पूर्व,क्यों कि हमनें जो समय देखा होता है उसके बारे में हम अच्छी तरह से अपने विचार व्यक्त कर सकते हैं।उस समय अधिकांश सामान्य परिवारों में विवाह के पश्चात् साड़ी ही पहनने की परंपरा थी।या यह कह सकते हैं कि विवाह पश्चात् साड़ी पहनना अनिवार्य था या पहली शर्त होती थी।कुछ-कुछ परिवारों में तो बहू साड़ी के अतिरिक्त कुछ और पहनने का सोच भी नहीं सकती थी।धीरे-धीरे कुछ परिवर्तन आया।और बहुओं को कुछ छूट मिली की अपने कमरे में तुम कुछ भी पहनो लेकिन कमरे के बाहर निकलो तो साड़ी पहनकर ही निकलना।हां तुम मायके में जो मन आये पहनना या अपने पति के साथ दूसरे शहर जाओ तो आपसी सहमति से जो ठीक लगे पहन लेना। एक समय था जब घर की बहुएं परंपरा का निर्वाह करने के लिए इच्छा,अनिच्छा,सुविधा -असुविधा के विषय में बहुत अधिक विचार नहीं करती थीं। फिर धीरे-धीरे समय बदला। अब बहुएं काम काज के सिलसिले में घर से बाहर निकलने लगीं। तब साड़ी के साथ उन्होंने बहुत सारी समस्याओं को महसूस करा।जैसे एक तो साड़ी पहनने में समय अधिक खर्च होना,बारिश में साड़ी का भीग जाना और उससे होने वाली परेशानियां हम सभी जानते हैं।साड़ी का असुविधाजनक होने के कारण अनेकों दुर्घटनाएं होना।और भी अन्य ऐसे अनेको कारण हैं जिनकी वजह से आधुनिक वस्त्रों की तरफ मुड़ना एक आवश्यकता महसूस होने लगी।लेकिन परिवार और समाज नें इस परिवर्तन को आसानी से स्विकार नहीं करा। तब कुछ ऐसी महिलायें जो इस वेशभूषा में कुछ परिवर्तन चाहतीं थीं चाहे वह मजबूरीवश हो या आधुनिक बनने की चाह तब उन्होंनें घर की बुजुर्ग महिलाओं को सलवार कुर्ती, मैक्सी,गाऊन या लॉंग स्कर्ट टॉप पहनने के फायदे बताये। और उन्हें धीरे-धीरे इसकी आदत डाल दी।अब तो महिलाएं सलवार कुर्ती के साथ ही जींस के अतिरिक्त भी कई अन्य तरह के कपड़े पहनने लगीं हैं। अब उन्हें यह कपड़े साड़ी से कहीं अधिक सुविधाजनक लगने लगे हैं। और इस तरह से पुरानी पीढ़ी की महिलाएं भी आधुनिक वस्त्रों को पहनने लगीं।अब धीरे-धीरे साड़ी कभी-कभार पहनने वाला वस्त्र बन कर रह गया।हम यहां यह कह कर अपनी बात समाप्त करना चाहेंगे की आधुनिक बहुओं नें भी मोबाईल की भांति वस्त्रों में अपनी सुविधानुसार परिवर्तन करके आधुनिक समस्या का आधुनिक तरीके से समाधान निकाल लिया। यह हमारे जमाने की समस्या थी जिसका उस समय आधुनिक तरीके से आधुनिक समाधान निकाला गया।क्यों कि उस समय वह वक्त की मांग थी। इस विषय में उदाहरण तो अनेकों हैं जिन पर चर्चा हम आने वाले अंक में अवश्य करेंगे।तब तक मॉडर्न प्राब्लम रिक्वायर मॉडर्न साल्यूशन के सिद्धांत को सोच समझ कर स्तेमाल करते रहिये।
श्रीमती रमा निगम
वरिष्ठ साहित्यकार भोपाल म.प्र.
nigam.ramanigam@gmail.com
+ 91 9425019796




