एक और जीवनरक्षक ऑक्सीजन एक्सप्रेस पहुंची लखनऊ

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। वर्तमान आपदाकाल में कोविड रोगग्रस्त रोगियों के उपचार के लिए ऑक्सीजन की उपलब्धता की दिशा में उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा किए जाने वाले अथक प्रयासों के तहत ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेनों का निर्बाध संचालन किया जा रहा है। इन्हीं प्रयासों के अंतर्गत आज दिनांक 05.05.21 को अपरान्ह टाटानगर से चलकर एक अन्य जीवनरक्षक ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेन का बोस्ट वैगन 04 भरे कंटेनरों के साथ 31.52 मीट्रिक टन ऑक्सीजन आपूर्ति के साथ लखनऊ आगमन हुआ। इसके अतिरिक्त उक्त तिथि में अपरान्ह में ही 03 भरे टैंकरों के साथ एक अन्य ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेन का बोकारो से चलकर 46.70 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की आपूर्ति के साथ लखनऊ मंडल आगमन हुआ एवम इस ट्रेन को उतरटिया,आलमनगर से होते हुए ऑक्सीजन की आपूर्ति हेतु बरेली रवाना किया गया। इसके अतिरिक्त कल दिनांक 04.05.21को 10 भरे कंटेनरों के साथ आई जीवन रक्षक एक्सप्रेस को रीफिलिंग हेतु आज पुनः टाटानगर की ओर रवाना किया गया। मंडल रेल प्रबंधक संजय त्रिपाठी ने अवगत कराया कि जीवनरक्षक ऑक्सीजन एक्सप्रेस एवम अन्य ऑक्सीजन ट्रेनें ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए निरंतरता से संचालित की जा रही हैं, ताकि ऑक्सीजन की आपूर्ति को समयानुसार उपलब्ध कराया जा सके।आपदा की इस घड़ी में सदैव की भांति मंडल अपनी प्रतिबद्ध सेवाओं के साथ राष्ट्रसेवा हेतु कृतसंकल्पित है।




