
युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अब तक 13 करोड़ 52 लाख 89 हजार से अधिक कोविड वैक्सीन डोज लगाए जा चुके हैं। अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने कहा कि कोरोना से लड़ने में उत्तर प्रदेश कामयाब रहा है किन्तु कोरोना पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। इसलिए सम्भल कर रहना होगा, क्योंकि छोटी सी चूक बड़ी मुसीबत बन सकती है। कोविड प्रोटोकॉल का पालन अवश्य करें तथा बाहर से आने वालों पर नजर रखें। कोरोना की जंग में सबसे बड़ा शस्त्र वैक्सीन है जिसे यदि नही लगवाया है तो हर हाल में सेंटर पर जाकर डोज ले। वैक्सीनेशन में तेजी आई है, आंकड़ा साढ़े तेरह करोड़ पार कर चुका है। 03 करोड़ 53 लाख से अधिक लोगों को टीके की दोनों डोज देकर कोविड का सुरक्षा कवर प्रदान कर दिया गया है। 09 करोड़ 99 लाख 72 हजार लोगों ने टीके की पहली डोज प्राप्त कर ली है। टीकाकरण के लिए पात्र प्रदेश की कुल आबादी के 68 फीसदी से अधिक लोगों ने पहली डोज प्राप्त कर ली है। प्रदेश के 43 जिलों में आज एक भी संक्रमित नहीं हैं, जबकि 17 जिलों में 01-01 मरीज ही शेष हैं। बीते 24 घंटों में हुई 01 लाख 57 हजार 918 सैम्पल की जांच में 66 जिलों में एक भी नया मरीज नहीं पाया गया। 09 जिलों में कुल 14 संक्रमितों की पुष्टि हुई। इसी अवधि में 06 संक्रमित कोरोना मुक्त भी हुए। आज प्रदेश में कुल एक्टिव कोविड केस की संख्या 92 है, जबकि 16 लाख 87 हजार 240 मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं।




