कोरोना से वृद्धा समेत तीन की मौत

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
उन्नाव। कोरोना से जिले में वृद्धा सहित तीन लोगों की मौत हो गई। एक सीओ, नायब तहसीलदार, पीएचसी प्रभारी और एक सपा नेत्री सहित 68 और लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। सिविल लाइन निवासी युवक सात अप्रैल को कोरोना संक्रमित पाया गया था। किडनी की बीमारी और मधुमेह से भी पीड़ित था। परिजनों ने उसे कानपुर हैलट में भर्ती कराया था। बुधवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। आदर्शनगर की 65 वर्षीय वृद्धा बुधवार को कोरोना संक्रमित निकली थी। उसे नवाबगंज के सरस्वती मेडिकल कॉलेज कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वीरवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बीघापुर तहसील के भगवंतनगर कस्बा निवासी 45 वर्षीय महिला को लगातार बुखार व खांसी आने पर हालत बिगड़ गई। परिजन उसे रायबरेली जिले के जिला अस्पताल ले गए। जांच में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने पर लालगंज कोविड अस्पताल में भर्ती कराया। वीरवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका के पति का आरोप है कि पत्नी की हालत बिगड़ते देख वह इलाज के लिए लखनऊ ले जाना चाहते थे। लेकिन डॉक्टरों ने अनुमति नहीं दी। वहीं कोरोना जांच में पुरवा सीओ, सपा नेत्री, हसनगंज की नायब तहसीलदार, लखनापुर स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधिकारी संक्रमित निकले हैं। सिकंदरपुर कर्ण में दो, सुमेरपुर में चार, गंजमुरादाबाद में एक, नवाबगंज में सात, बांगरमऊ में तीन, पुरवा में चार, सिकंदरपुर सरोसी में तीन, असोहा में एक, बीघापुर में पांच, हिलौली में दो, सफीपुर में पांच, औरास में एक, शहर में 12 व शुक्लागंज में 14 कोरोना संक्रमित मिले हैं। सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि संक्रमितों में पांच को होम आइसोलेट और 63 को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पहले से संक्रमित 13 मरीजों की हालत में सुधार हुआ है।




