अभिमतआलेख

खरी बात और खरे सवाल क्यों नहीं होने चाहिए..?

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

सोशल मीडिया इस वक्त मेन स्ट्रीम मीडिया और सत्ता से टकरा रहा है। इतनी तबाही और बर्बादी देखकर भी अभी तक तमाम ऐसे लोग हैं जिनकी आंखें नहीं खुलीं हैं। ऐसे में बहुत से सवाल और व्यंग्य बाण हैं जो भक्तों को बहुत बेचैन करते हैं। बेचैन इसलिए करते हैं कि उनके तरकश में कुछ ही पुराने तीर पड़े हैं जैसे-मुसलमान, हिंदू, वामपंथ, कांग्रेस, नेहरू, पाकिस्तान और रोहिंग्या……जैसे ही आप तथ्यात्मक जानकारी रखेंगे ये सीधे आपको घेरकर वहीं ले जाएंगे। दिक्कत यह है बड़ी संख्या में पैदा हुई बेरोजगारी, तबाह बिजनेस व बैंकिंग सेक्टर, तबाह अर्थव्यवस्था, तबाह चिकित्सा व्यवस्था और लाखों मौतों ने धीरे-धीरे ही सही लोगों को सोचने पर मजबूर किया है कि जब वो या उनका परिवार ही नहीं होगा, खाने को रोटी ही नहीं होगी तो वो कब तक गाय, मंदिर, गोबर, गोमूत्र…के समर्थन में नारे लगाते रहेंगे। ऐसे माहौल में भक्तों की पार्टी के ही तमाम नेता ऐसे-ऐसे शोध पत्र प्रस्तुत कर रहे हैं कि उन पर केवल सिर धुना जा सकता है। जैसे उत्तराखंड के परमादरणीय मुख्यमंत्री ने कहा कि “कोरोना भी एक प्राणी है”…..इससे पूर्व वह कह चुके हैं कि कुंभ नहाने से कोरोना नहीं होता है….उसके बाद साधुओं को कोरोना नामक “प्राणी” ने जिस तरह से लपेटा वह डराने वाला था‌। एक वीडियो बदायूं जिले के अग्रवाल परिवार का था जो परिवार के साथ कुंभ नहाने गये थे…लौटे तो पूरे परिवार के साथ मोक्ष प्राप्त कर गये।
फिलहाल तो गंगा में तैरती लाशें 1919-20 में नजर आईं थीं लेकिन तब अंग्रेजी हुकूमत थी। 2021 में अंग्रेजी हुकूमत के दलालों और अंग्रेजों के जासूसों की हुकूमत है और फिर गंगा में लाशें तैर रही हैं। आजकल कुछ लोग इजरायल के लिए लड़ने निकल रहे हैं उनसे अनुरोध है कि पहले आक्सीजन सिलेंडर और रेमिडिसीवर इंजेक्शन तो तलाश लो फिर चले जइयो इजरायल का सपोर्ट करने। इतने बड़े हिंदू हैं कि अपनों की लाशों को कंधा न दे सके। मुसलमानों ने कंधा दिया। हालात यह हो चली है कि अब तो री-सेल में कफन भी मिलने लगा है। चिता के लिए लोगों ने लकड़ियां ब्लैक में ख़रीदीं या लाश को आटो में लाद कर लाए। लोगों ने तो अपनों की लाशें कार की छत पर, आटो की छत पर, सब्जी बेचने वाले ढेले पर और साइकिल के पाइडिल के बीच में ढोईं…..।
भगवाई वैज्ञानिकों के शोधकर्ताओं के शोध का स्तर कितना वैश्विक है जरा देखिए— गाय आक्सीजन देती है। गोबर लपेटने से न्यूक्लियर रेडिएशन नहीं होता है और कोरोना नहीं होता है। इनके शिरोमणि महाराजा का ज्ञान का स्तर कुछ इस तरह का है—तक्षशिला बिहार में है। बादल में राडार काम नहीं करता‌ है। सूर, कबीर नानक एक साथ बैठा करते थे। कठिन प्रश्न पहले हर करने चाहिए। जिनको शौचालय-विद्यालय-औषधालय में फर्क नहीं पता है वो बता रहे हैं कि देश में 22 AIIMS बने हैं। विवरण मांगों को भाग खड़े होते हैं।
ताजी खबर यह है कि RSS के चौथे सरसंघचालक रज्जू भैय्या के पोते की इलाज न मिलने से दर्दनाक मौत …इससे पहले भाजपा के चार विधायक इलाज न मिलने से स्वर्गवासी हुए। बनारस के प्रसिद्ध गायक व मोदी जी के प्रस्तावक राजन मिश्रा आक्सीजन के बिना मर गये। कानपुर व अलीगढ के दो RSS के सीनियर कार्यकर्ता भी आक्सीजन के बिना नहीं रहे….। भक्त लोगों के बीच एक तर्क है कि ऐंवे-वैंवे भी तो मर रहे हैं? उत्तर प्रदेश की मौतों पर दिल्ली की मौतें, हरियाणा की लाशों पर बिहार की लाशें, राजस्थान की लाशों पर महाराष्ट्र की लाशों …के फेंकने के खेल को समझना बंद करो। यह सोचों की इंसान की लाश फुटबाल नहीं होती….इतनी भी अगर संवेदना शेष नहीं बची है तो यह सोचो कि तुम जिंदा भी हो….? वैसे भाजपा के प्रबल समर्थक मुकेश खन्ना की बहन भी ICU‌ में बेड न मिलने पर मर गईं और अनुपम खेर को आत्मज्ञान हुआ है….। खैर जिसकी समझ में नहीं आया है उन को भी समझ आ भी जाएगा लेकिन बहुत कुछ खोने के बाद। आग दोस्त और दुश्मन में फर्क नहीं देखती है। चलते-चलते उस मां के दुख को देखकर कलेजा मुंह को आता है जो अपने बच्चे की चिता पर अधजली लकड़ी पर जाकर लेट जाती है। ….ये आंसू और ये लाशें आपसे आपके समर्थन का हिसाब लेंगी….इंतजाम करके रख लो।

(पवन सिंह)

 

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button