गीत

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
कलम बने तलवार तभी तो बिगड़ी बात बनेगी।
काटे अत्याचार कलम,तब वह सौगात बनेगी ।।
कलम वही जो झूठ,कपट पर नित हो भारी,
जहाँ दिखे कोई विकार तत्क्षण भिड़ जाये
आम आदमी की ख़ातिर,उजियारा बाँटे,
शाहों का भी भय तजकर,ज़िद पर अड़ जाये
रखे कलम ईमान तभी तो झिलमिल रात सजेगी।
काटे अत्याचार कलम,तब वह सौगात बनेगी ।।
कलम बने निर्भीक तो वह ज्वालाओं को है रचती,
कलम रखे यदि तेज तो वह राहों में फूल खिला दे
कलम बने तूफ़ानी तो वह दरिया का रुख मोड़े,
बाधाओं के पर्वत सारे,जड़ के संग हिला दे
कलम करे झंकार तो सूखे में बरसात बनेगी।
काटे अत्याचार कलम,तब वह सौगात बनेगी ।।
कलम की ताक़त वह जाने जो ईमानों से पूरित,
जिसने साहस रखकर,निज स्वारथ को तजना जाना
जिसकी मसि ने शंखनाद कर पाप को हरदम मारा,
ऐसी कलम पूज्य है नित ही,झुकता वहाँ ज़माना
जीवन पाये सार,तभी दुख-ग़म की मात रहेगी।
काटे अत्याचार कलम,तब वह सौगात बनेगी ।।
-प्रो.(डॉ)शरद नारायण खरे
प्राचार्य
शासकीय जेएमसी महिला महाविद्यालय
मंडला,मप्र-481661
(मो.9425484382)




