देशसमाचार

घातक होता जा रहा कोरोना का प्रकोप, एक दिन में रिकॉर्ड 4,187 मौतें

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली: कोरोना का प्रकोप हर दिन के साथ घातक होता जा रहा है. पिछले 24 घंटों में देश में कोरोना के कारण सर्वाधिक मृतकों की संख्या सामने आई है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शनिवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में 4,01,078 कोरोना संक्रमण के नए केस सामने आए हैं जबकि 4,187 लोगों की मौत हुई है. इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 2 करोड़ 18 लाख 92 हजार 676 हो गई है और वहीं मृतकों की कुल संख्या 2 लाख 38 हजार 270 हो गई है. वहीं कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या में पिछले 24 घंटों में 78 हजार 282 नए मरीजों का इजाफा हुआ है, जिसके बाद एक्टिव मरीजों की संख्या 37 लाख 23 हजार 446 हो गई है. यह आंकड़े शुक्रवार सुबह 8 बजे से शनिवार सुबह 8 बजे तक के हैं.

यह लगातार तीसरा दिन है जब देश में कोरोना संक्रमण के 4 लाख से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं. इससे पहले शुक्रवार को 414188 नए मामले और गुरुवार को 4,12,262 नए मामले दर्ज किए गए थे. वहीं पिछले 24 घंटों में 3 लाख 18 हजार 609 लोग इस वायरस के प्रकोप से मुक्त होने में कामयाब रहे हैं. इस खतरनाक वायरस के संक्रमण से अब तक कुल एक करोड़ 79 लाख 30 हजार 960 लोग ठीक हो चुके हैं.

वहीं वैक्सीनेशन अभियान के माध्यम से इस वायरस के खिलाफ जंग भी जारी है. पिछले 24 घंटों में देश में करीब 23 लाख लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया. मंत्रालय के अनुसार अब तक 16,73,46,544 लोगों को कोविड-19 रोधी टीका लगाया जा चुका है, पिछले 24 घंटों में 22,97,257 लोगों को वैक्सीन लगाई गई है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button