डीएम अपने मोबाइल से लाइव देखेंगे कोविड हॉस्पिटल की हर एक गतिविधि

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
गोंडा । कोविड हाॅस्पिटल में व्यवस्थाएं सुधारने के लिए डीएम मार्कण्डेय शाही ने तकनीकी नकेल कस दी है तथा कोविड वार्ड जिसमें कोरोना संक्रमित मरीज भर्ती हैं, उनके उचार, देखभाल, दवाओं व आक्सीजन दिए जाने की आदि स्थिति की ऑन लाइन लाइव मानीटरिंग की व्यवस्था कराई है।
जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट स्थित कन्ट्रोल रूम तथा स्वयं के मोबाइल पर ऑन लाइन लिंक के माध्यम से कोविड हास्पिटल में हो रही प्रत्येक गतिविधि की लाइव मानीटरिंग के लिए अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे लगवाकर उसे कलेक्ट्रेट में स्थापित टीवी से लिंक के माध्यम से जुड़वाया है जिससे टीवी पर तथा जिलाधिकारी स्वयं के मोबाइल पर देख सकते हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि जिला अस्पताल के कोविड हाॅस्पिटल में स्टाॅफ द्वारा लापरवाही बरतने की शिकायतें उन्हें प्राप्त हो रही थीं।
लापरवाह अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाब तय करने तथा कोरोना संक्रमित मरीजों को अस्पताल में अच्छी सुविधा मिल सके और उनकी जान बचाई जा सके इसके लिए यह व्यवस्था कराई गई है। उन्होंने बताया कि कोविड- हास्पिटल के हर फ्लोर, नर्सिंग स्टेशन, कोविड वार्ड सहित अन्य प्रमुख जगहों को ऑनलाइन टीवी व मोबाइल पर देखा जा सकेगा। कोविड वार्ड में ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ के बारे में ऑनलाइन जानकारी मिलती रहेगी तथा उनके द्वारा मरीजों के साथ किए जा रहे बर्ताव, दवाइयां, नाश्ता-खाना आदि ठीक से दिया जा रहा है कि, की मॉनिटरिंग होगी।




