देश में कोविड-19 के एक दिन में 13,091 नए केस, 340 मरीज हारे जिंदगी की जंग

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली : भारत में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 13,091 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,44,01,670 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 1,38,556 हुई, जो 266 दिन में सबसे कम है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बृहस्पतिवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में 340 और लोगों की संक्रमण से मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,62,189 हो गई। देश में लगातार 34 दिन से कोविड-19 के दैनिक मामले 20 हजार से कम हैं और 137 दिन से 50 हजार से कम नए दैनिक मामले सामने आ रहे हैं। उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी घटकर 1,38,556 हो गई है, जो कुल मामलों का 0.40 प्रतिशत है। यह दर मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 1,127 की कमी दर्ज की गई है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.25 प्रतिशत है, जो मार्च 2020 के बाद से सर्वाधिक है। आंकड़ों के अनुसार, दैनिक संक्रमण दर 1.10 प्रतिशत है, जो पिछले 38 दिनों से दो प्रतिशत से कम है। वहीं, साप्ताहिक संक्रमण दर 1.18 प्रतिशत है, जो पिछले 48 दिन से दो प्रतिशत से कम बनी हुई है। अभी तक कुल 3,38,00,925 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि मृत्यु दर 1.34 प्रतिशत है। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण मुहिम के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 110.23 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं। आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से अभी तक कुल 4,62,189 लोगों की मौत हुई है।




