नकवी ने विपक्ष से कहा- लोगों में भरोसा पैदा करें, भ्रम और भय का माहौल मत पैदा करें

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली : देश में जारी कोरोना वायरस महामारी के बीच राजनीति भी अपने चरम पर है। विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर निशाना साध रहा है। इन सबके बीच केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने विपक्ष से कहा कि वह लोगों में भरोसा पैदा करने में मदद करें, भ्रम और भय का माहौल मत पैदा करें। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक नकवी ने कहा कि दुर्भाग्य से कुछ पार्टियां और कुछ लोग महामारी के इस समय में पॉलिटिकल पाखंड की प्रयोगशाला बने हैं। वे संकट के समाधान का हिस्सा बनने की बजाय सियासी व्यावधान का किस्सा बनते जा रहे हैं। लोगों में भरोसा पैदा करें, भ्रम और भय का माहौल मत पैदा करें।
आपको बता दें कि भारत में कोविड-19 के 2,81,386 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,49,65,463 हो गई। पिछले 27 दिन में एक दिन में सामने आए ये सबसे कम नए मामले हैं। वहीं, संक्रमण से 4,106 लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 2,74,390 हो गई। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार की सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी 35,16,997 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 14.09 प्रतिशत है।




