पश्चिम बंगाल में कोरोना से हुई 96 लोगों की मौत, 17,411 नए मामले आए सामने

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में शुक्रवार को कोरोना वायरस महामारी से 96 लोगों की मौत हो गई, जो एक दिन का सर्वाधिक आंकड़ा है. यह जानकारी स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन में दी गई है. बुलेटिन में बताया गया कि एक दिन में रिकॉर्ड 17,411 नए मामले सामने आने के साथ संक्रमितों की कुल संख्या 8,23,366 हो गई है. बुलेटिन में बताया गया कि पिछले 24 घंटे में जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें 28 कोलकाता से और 20 उत्तर 24 परगना जिले से हैं.
पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटे में 13,932 लोग बीमारी से उबरे हैं. राज्य में वर्तमान में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1,13,624 है. वहीं दूसरी ओर बंगाल में कोविड-19 टीके की खुराक की कमी के कारण शनिवार से 18 से 44 साल के लोगों को टीकाकरण शुरू नहीं होगा. राज्य के स्वास्थ्य विभाग में वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि 44 साल से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण हालांकि, विभिन्न केंद्रों पर खुराक की उपलब्धता के आधार पर जारी रहेगा. उल्लेखनीय है कि टीकाकरण के तीसरे चरण की शुरुआत देश में शनिवार को हो रही है, जिसमें 18 से 44 साल के उम्र के लोगों को टीका दिया जाना है.पश्चिम बंगाल सरकार ने बृहस्पतिवार को केंद्र से मांग की कि राज्य के सरकारी और निजी अस्पतालों के लिए टीके की कम से कम तीन करोड़ खुराक उपलब्ध कराई जाएं.




