हरियाणा

पानीपत में 250 बेड का कोविड अस्पताल 12 दिन में होगा तैयार: सीएम खट्टर

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

पानीपत : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने सोमवार को रिफाइनरी स्थित ऑक्सीजन प्लांट और 500 बेड के कोविड अस्पताल की प्रस्तावित साइट का दौरा कर संबंधित अधिकारियों को 12 दिन में 250 बेड का अस्पताल तैयार करने के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह को ऑक्सीजन प्लांट के सामने वाले स्थान पर ही जगह का चयन कर अस्पताल का निर्माण जल्द से जल्द करवाने के निर्देश दिए। इससे पूर्व में जिला प्रशासन द्वारा जो स्थान 500 बैड के अस्पताल के लिए चिन्हित किया गया है, उसे मुख्यमंत्री ने खारिज करते हुए कहा कि यह स्थान ऑक्सीजन प्लांट से करीब 1.5 किलोमीटर की दूरी पर है। नए स्थान पर बनने से करीब एक किलोमीटर की दूरी कम होगी और ऑक्सीजन पाइप भी कम डालनी पड़ेगी। सीएम खट्टर ने कहा कि पहले चरण में बुधवार से 250 बैड तैयार करने शुरू किए जाएंगे। तीन दिन में इसका ढांचा खड़ा हो जाएगा। उसके बाद 10 या 12 दिन में यह अस्पताल बनकर तैयार हो जाएगा। बाकी 250 बैड उसके बाद आगामी 15 दिन तक तैयार कर दिए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और मौके पर ही बुलाए गए ठेकेदार को निर्देश दिए कि यह कार्य युद्ध स्तर पर चलना चाहिए। इसकी सामग्री मंगाने का प्रबंध पहले से ही कर लें। सरकार और जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन प्लांट के सामने बनने से इसकी मुख्य सडक से दूरी भी कम होगी और सीधे तौर पर अस्पताल को रास्ता मिलेगा। उन्होंने हैलीपेड पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि ऑक्सीजन की कोई भी कमी नही है और रेमडीसिविर के लिए सरकारी कोटा निर्धारित किया गया है। प्राइवेट अस्पतालों पर भी पूरी नजर रखी जा रही है। जितना कोटा तय किया गया है उस हिसाब से मिल रही है। कालाबाजरी रखने वालों के लिए सख्त हिदायत दी गई है और इन पर लगाम लगाई जाएगी। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने लोकनिर्माण विभाग के इंजीनियर इन चीफ निहाल सिंह, तहसीलदार और सम्बंधित बीडीपीओ को कहा कि वे सोमवार सांय तक नए स्थान की ड्रांइग बनाकर तैयार करवाएं और चण्डीगढ़ भिजवाएं।
पत्रकारों द्वारा ऑक्सीजन की कमी के चलते रेवाड़ी और गुरूग्राम में हुई मौतों पर सीएम खट्टर ने कहा कि एसडीएम को जांच सौंप दी गई है जो भी दोषी मिलेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर सांसद संजय भाटिया, विधायक प्रमोद विज, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी. उमा शंकर, पूर्व मंत्री कृष्णलाल पंवार, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, एसपी शशांक कुमार सावन, रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक जी. सिकदर भी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button