बांदा में आठ की मौत, 42 बंदियों समेत 255 संक्रमित

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
बांदा। चित्रकूटधाम मंडल के बांदा और चित्रकूट में वीरवार को 341 लोगों ने कोरोना को मात देकर जहां अपने-अपने घरों को चले गए, वहीं दोनों जिलों में दस की मौत भी हो गई। बांदा में जहां कोरोना से आठ की, वहीं चित्रकूट में दो की जान चली गई। साथ ही बांदा में 42 जेल बंदियों समेत 255 नए संक्रमित मिले, जबकि चित्रकूट में 195 नए केस मिले। बांदा के राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती आठ कोरोना मरीजों ने वीरवार को दम तोड़ दिया, जिससे मरने वालों का आंकड़ा यहां सौ पहुंच गया। उधर, कोरोना को यहां दो सौ लोगों ने मात दी। अब कोरोना से जंग जीतने वालों का आंकड़ा 5919 पहुंच गया है। यहां 255 नए पॉजिटिव केस मिलने के बाद अब सक्रिय संक्रमितों की संख्या 1614 हो गई है। सीएमओ डा. एनडी शर्मा ने बताया कि पिछले तीन दिन में 570 कोरोना मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। बुधवार को भी 200 मरीज स्वस्थ हुए। अब तक 5919 मरीज चंगे होकर घर चले गए। अलबत्ता कोरोना संक्रमितों की मौत चिंता बढ़ा रहीं हैं। बताया कि नए संक्रमितों में 177 पुरुष और 78 महिलाएं शामिल हैं। नए मरीजों में जेल के 42 बंदी सहित इंदिरा नगर में 16, अलीगंज में 10, सिविल लाइन में आठ, मेडिकल कालेज में 10, डीएम कालोनी में सात, जिला अस्पताल में 16, आवास विकास में पांच, कटरा में छह, बिजली खेड़ा में चार और ग्रामीण क्षेत्रों में लड़ाका पुरवा में आठ, बिसंडा ब्लाक में 37, बड़ोखर ब्लाक में 19 संक्रमित मिले। इनमें 35 को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज कोविड अस्पताल में भर्ती किया गया है। 220 मरीजों को घरों में आइसोलेट किया गया। अब तक कुल 5,08,452 कोविड टेस्ट किए गए। उधर, चित्रकूट में वीरवार को 195 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं, जबकि दो मरीजों की मौत हो गई। अब मृतकों की कुल संख्या 37 हो गई है। राहत भरी खबर यह रही कि 141 मरीजों ने कोरोना से जंग जीतकर घर पहुंच गए। यहां अब एक्टिव केस 1503 हैं। प्रभारी सीएमओ डा. इम्तियाज अहमद ने बताया कि 2196 मरीजों की कोविड जांच कराई गई, जिसमें 195 संक्रमित मरीज मिले हैं। मऊ, रामनगर, कर्वी और मानिकपुर के सर्वाधिक मरीज हैं। मानिकपुर व बरगढ़ क्षेत्र में एक-एक मरीज की मौत भी हुई है। उधर, जिले के कई स्थानों पर स्वास्थ्य विभाग व फायर ब्रिगेड विभाग द्वारा सैनिटाइजेशन का कार्य किया गया। इसमें जिला जेल रगौली समेत अधिकारियों के कार्यालय और आवास पर सैनिटाइजेशन कराया गया।




