शाहजहांपुर

बाजारों में कोरोना संक्रमण से बेखौफ लोगों की भीड़ कम नहीं

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

शाहजहांपुर। बाजारों में कोरोना संक्रमण से बेखौफ लोगों की भीड़ कम नहीं हो रही है, लोग हैं कि मान ही नहीं रहे हैं। सोमवार को सुबह किराने की दुकानें खुलने के साथ ही सड़कों पर फल-सब्जी के ठेले बढ़े तो खरीदारी के बहाने बड़ी संख्या में लोग बहादुरगंज और केरूगंज की मंडियों में पहुंचने लगे।
भीड़ बढ़ाने में जनरल स्टोर, स्टेशनरी, बिजली उपकरणों आदि की खुली दुकानों ने भी अहम भूमिका निभाई। दुकानों पर सामाजिक दूरी से लोगों को बेपरवाह देख पुलिस सक्रिय हुई और लोगों को खदेड़ा। दोपहर 12 बजे के बाद बहादुरगंज में सड़कों के किनारे लगे फल-सब्जी के ठेलों को हटवा दिया।
यहां बता दें कि शासन ने 17 मई तक कोरोना कर्फ्यू की अवधि बढ़ा दी है। शासन की गाइडलाइन के अनुसार प्रशासन ने कर्फ्यू अवधि में किराना और मेडिकल स्टोर के अलावा फल, सब्जी, दूध आदि आवश्यक सेवाओं के लिए दुकानें खोलने का समय तय किया है, लेकिन इसकी आड़ में अन्य व्यवसायों से जुड़े कारोबारी भी अपनी दुकानें खोलने लगे हैं। सोमवार को बहादुरगंज-सदर बाजार मार्ग पर बिजली उपकरणों और जनरल स्टोर की भी कई दुकानें खुलीं तो वहां खरीदारों का जमावड़ा लगने लगा। कनौजिया तिराहा-ईदगाह मार्ग और जलालनगर में भी जनरल स्टोर, स्टेशनरी, मिठाई आदि से जुड़े दुकानदार अपनी दुकानें खोले दिखाई दिए। इस वजह से मुख्य बाजारों के अलावा शहर में अन्य स्थानों पर इतनी आवाजाही हुई कि दिन में दस बजे के बाद ऐसा लगा ही नहीं लगा कि कर्फ्यू लागू है।
हालांकि, दिन मेें 11 बजे के बाद बंदी समय नजदीक आने पर पिकेट ड्यूटी के सिपाहियों ने बाजारों में भ्रमण शुरू किया तो चालान होने के भय से अनधिकृत तरीके से खुली दुकानों के शटर गिरने लगे। इसके बावजूद संबंधित दुकानदार घर जाने के बजाय दुकानों के आसपास खड़े होकर माहौल भांपने के साथ ग्राहकों का इंतजार करते देखे गए।
जिन स्थानों पर ज्यादा भीड़ दिखी वहां बहादुरगंज पुलिस चौकी प्रभारी ने सिपाहियों के साथ पहुंचकर स्वयं हस्तक्षेप किया और लोगों को सामाजिक दूरी का पाठ पढ़ाने के साथ वहां से हटा दिया। दोपहर बाद भी फल और सब्जी के ठेले वाले बाजारों मेें जमे रहे तो पुलिस ने जमीन पर डंडे फटकार कर मुख्य बाजार से जाने को मजबूर किया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button