देश

भाजपा सांसद वर्मा ने यमुना घाट पर छठ पूजा समारोह में लोगों को आमंत्रित किया

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद प्रवेश वर्मा ने आईटीओ के पास यमुना घाट पर छठ पूजा समारोह के आयोजन पर जोर दिया और बुधवार को वहां पहुंचकर लोगों को समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। वर्मा ने कहा कि वह शाम को छठ पूजा शांतिपूर्ण तरीके से शुरू होने तक वहीं रहेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्हें पूर्वांचल के लोगों के धार्मिक अनुष्ठानों की परवाह नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘केजरीवाल सरकार हमें यमुना के किनारे छठ पूजा आयोजन की अनुमति नहीं दे रही है। मैं सभी माताओं और बहनों से यहां आने और छठ मनाने की अपील कर रहा हूं और हम उन्हें सुरक्षा मुहैया कराएंगे।’’ वर्मा ने मीडियाकर्मियों से कहा, ‘‘यह मेरी समझ से परे है कि लोगों को वहां छठ मनाने से क्यों रोका जा रहा है, जबकि वे सभी कोविड प्रोटोकॉल का पालन कर रहे हैं।’’ दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने 30 सितंबर को अपने आदेश में यमुना किनारे सहित सार्वजनिक स्थानों पर छठ पूजा समारोह के आयोजनों पर रोक लगा दी थी। हालांकि, भाजपा द्वारा प्रतिबंध के विरोध के बाद, डीडीएमए ने 29 अक्टूबर को अपने आदेश में यमुना के किनारे को छोड़कर ‘‘निर्धारित स्थलों’’ पर छठ समारोह मनाने की अनुमति दे दी थी। डीडीएमए ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को कोविड से संबंधित अपने सभी आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। पश्चिम दिल्ली के सांसद वर्मा भाजपा कार्यकर्ताओं और ‘पूर्वांचली’ समुदाय के सदस्यों के साथ, एक ‘पूजा’ में शामिल हुए थे और सोमवार से शुरू होने वाले उत्सव की तैयारियां शुरू कर दी थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button