
युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली: भारत में कोरोना वायरस के नए मामलों पर लगाम लगते हुए नहीं दिख रही है. शुक्रवार को देश में कोरोना के 3.8 लाख से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी पिछले 24 घंटे के आंकड़ों के मुताबिक, देश में 3,86,452 नए कोविड-19 केस दर्ज हुए. साथ ही बीते 24 घंटे में 3,498 लोगों की मौत हुई है. एक दिन में कोरोना वायरस के मामलों का यह अब तक सबसे बड़ा आंकड़ा है. 3.8 लाख नए मामले आने के साथ देश में कोरोना के कुल मामले 1,87,62,976 हो गए जबकि 2,08,330 मरीज वायरस की वजह से अब तक जान गंवा चुके हैं.
आंकड़ों पर गौर करें तो लगातार 9वें दिन तीन लाख से ज़्यादा कोरोना मामले दर्ज किए गए हैं. साढ़े तीन लाख से ज़्यादा केस आते हुए लगातार तीसरा दिन है. अकेले अप्रैल में अब तक 66,13,641 नए केस आए जबकि इस महीने में अब तक 45,862 मौतें हुई हैं.
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 2,97,540 मरीज ठीक हुए हैं जबकि अब तक कुल 1,53,84,418 मरीज घातक वायरस को मात देने में सफल रहे हैं. नए मामलों में जबरदस्त उछाल के साथ देश में कोरोना के एक्टिव केस में भी काफी उछाल देखने को मिल रहा है. देश में एक्टिव केसों का आंकड़ा 31,70,228 पर पहुंच गया है. वैश्विक महामारी को मात देने के लिए देश में चल रहे वैक्सीनेशन कार्यक्रम की बात की जाए तो अब तक कोरोना वैक्सीन की 15,22,45,179 खुराक लोगों को दी गई है. इसमें पिछले 24 घंटे में दी गई 22,24,548 डोज भी शामिल है.




