प्रादेशिकीमध्यप्रदेश

मध्य प्रदेश : वॉर्ड ब्वॉय की लापरवाही से मरीज की मौत, परिजनों का आरोप, हटा दी गई थी ऑक्सीजन सप्लाई

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

शिवपुरी : मध्यप्रदेश में शिवपुरी जिला अस्पताल के कोविड वार्ड में लापरवाही से मौत का बड़ा मामला सामने आया है. परिजनों का आरोप है कि मंगलवार रात कोविड वार्ड में भर्ती शिक्षक सुरेंद्र शर्मा को लगे ऑक्सीजन सपोर्ट को वार्ड बॉय ने हटाकर दूसरे मरीज को लगा दिया,जिससे शिक्षक की सांस रूकने से मौत हो गई. उनके बेटे दीपक शर्मा मंगलवार रात 11 बजे तक पिता के साथ थे, अगले दिन सुबह अस्पताल से फोन आने पर वो वहां पहुंचे. उन्होंने बताया, ‘2-3 दिन से पापा की स्थिति अच्छी थी, वे ठीक से खाना खा रहे थे, पानी पी रहे थे. रात में किसी ने ऑक्सीजन हटा दी. वे तड़पते रहे. सुबह मेरे पास फोन आया. मैं दौड़ते हुए आया मैंने डॉक्टर-नर्सों से बोला ऑक्सीजन लगा दीजिये लेकिन उन्होंने नहीं लगाया.10-15 मिनट में उनकी मृत्यु हो गई. ‘

परिजनों का आरोप है कि उनके हंगामा करने पर अस्पताल ने CCTV फुटेज दिया जिसमें साफ दिख रहा है कि एक युवक मरीज को लगा ऑक्सीजन सपोर्ट हटा रहा है. सामने से कोई गार्ड भी आया फिर दोनों चले गए. फिलहाल प्रशासन ने इस मामले में शल्य चिकित्सा विभाग के अध्यक्ष डॉ अनंत कुमार राखोड़े की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय दल का गठन किया है जो 48 घंटे में पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपेगा.

जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अर्जुन लाल शर्मा ने कहा, ‘जहां तक जिला चिकित्सालय का सवाल है हमारे पास 76 ऑक्सीजन, 30 बेड की आईसीयू 13 एसएनएफयू मशीन है, जिसमें कल 4 का इस्तेमाल हुआ. शेष रिजर्व में रखे हैं.मरीज़ पहले से डायलिसिस करवा रहे थे और उनका हीमोग्लोबीन भी कम हुआ था.शीघ्र सीसीटीवी फुटेज देखकर जांच पूरी की जाएगी. यदि किसी ने अपराध किया है तो दंड दिया जाएगा. ‘ मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण से अब हालात बिगड़ने लगे हैं. बुधवार को राज्य में कोविड-19 संक्रमण के 9,720 नए मरीज मिलने के साथ स्थिति भयावह होती जा रही है. बुधवार को 51 लोगों की मौत भी हुई. शिवपुरी में पिछले 24 घंटों में 102 नये मामले आए हैं, 3 लोगों की मौत हुई है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button