युद्ध विराम के 100वें दिन सेनाध्यक्ष नरवणे पहुंचे श्रीनगर, पाक सेना ने इंटरनेशनल बार्डर पर बरसा दीं गोलियां

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
जम्मू : भारत-पाक के बीच सीमाओं पर युद्धविराम जारी रखने के लिए पुनः हुए समझौते के 100वें दिन आज थलसेनाध्यक्ष एलओसी की सीमा चौकियों का दौरा करने की खातिर जैसे ही श्रीनगर पहुंचे, पाक सेना ने जम्मू जिले के बिश्नाह के अरनिया में संघर्ष विराम का उल्लंघन कर दिया। पाकिस्तान के चिनाब रेंजर्स के जवानों ने बुधवार सुबह बिक्रम पोस्ट के पास मरम्मत कार्य कर रहे सीमा प्रहरियों को निशाना बनाकर गोलीबारी की। पाकिस्तानी रेंजरों ने यहां अंतर्राष्ट्रीय सीमा (आईबी) के पास झाड़ियों की सफाई में लगी बुलटे प्रूफ जेसीबी मशीनों पर गोलीबारी की। कुछ गोलियां मरम्मत कार्य कर रही जेसीबी को लगी। इस गोलीबारी में एक सीमा प्रहरी के घायल होने की सूचना की सीमा सुरक्षाबल द्वारा पुष्टि नहीं की गई है। सीमा सुरक्षाबल की ओर से इस गोलीबारी का कड़ा जवाब देने के बाद सीमा पार से गोलीबारी बंद हो गई। बुधवार को सीमा सुरक्षाबल के वरिष्ठ अधिकारियों ने अरिनया में आईबी का दौरा कर पाकिस्तान की गोलीबारी से उपजे हालात का जायजा लिया। इस बीच नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर भारत और पाकिस्तान की सेनाओं के बीच संघर्ष विराम के 100वें दिन में प्रवेश करने और घाटी में आतंकवाद विरोधी अभियानों के जमीनी स्थिति पर समीक्षा करने के लिए सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे बुधवार से दो दिवसीय यात्रा पर श्रीनगर पहुंचे थे। हाल ही में भारत और पाकिस्तान के बीच फरवरी के अंतिम सप्ताह में नया संघर्ष विराम समझौता हुआ था जिसमें दोनों सेनाओं के सैन्य अभियानों के महानिदेशकों के बीच बातचीत हुई थी।




