राजस्थान

राजस्थान में सीएम गहलोत ने लोगों से की शादियां टालने की अपील

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

जयपुर : राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में वृद्धि के बीच राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लोगों से अपील की है कि वे शादी के तय कार्यक्रम फिलहाल टाल दें। गहलोत ने ट्वीट किया, ‘कोरोना की इस भयावह दूसरी लहर के दौरान जिन लोगों की शादियां हैं, उनसे अपील है कि फिलहाल अपनी शादी टाल दें। अभी शादी में खुशियों से अधिक कोविड की चिंता लगी रहेगी। उन्होंने कहा कि इस महामारी पर विजय पाने के लिए कोविड संक्रमण की कड़ी को तोड़ना जरूरी है जो शादी में आने वाली भीड़ से संभव नहीं हो पाएगा। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने तीन मई से 17 मई, 2021 तक ‘महामारी रेड अलर्ट-जन अनुशासन पखवाड़ाश् घोषित किया है। इससे संबंधित दिशा-निर्देशों के अनुसार विवाह समारोह में अब 50 की जगह 31 व्यक्ति ही शामिल हो सकेंगे और विवाह समारोह केवल एक ही कार्यक्रम के रूप में अधिकतम तीन घंटे तक आयोजित किया जा सकेगा। इसके तहत विवाह समारोह के संबंध में दिनांक, आयोजन की समयावधि व स्थान की पूर्व सूचना उपखण्ड मजिस्ट्रेट को ईमेल से देने के साथ ही शामिल होने वाले मेहमानों एवं अतिथियों की सूची भी अनिवार्य रूप से देनी होगी। इस सूची नामों के अतिरिक्त किसी अन्य अतिथि को समारोह में शामिल होने की अनुमति नहीं होगी। पूर्व सूचना के बिना विवाह समारोह आयोजित करने तथा भौतिक दूरी नहीं रखने पर पांच हजार रुपये तथा 31 से अधिक व्यक्तियों के होने पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ ही गहलोत ने केंद्र सरकार से एक बार फिर सभी के लिए कोरोना टीकाकरण निःशुल्क करने की अपील की। गहलोत ने कहा, ‘आज से 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों को कोरोना वैक्सीन लगना शुरू हो रहा है। मैं पुनरू प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से निवेदन करता हूं कि इस आयु वर्ग समेत सभी को निःशुल्क कोरोना वैक्सीन उपलब्ध कराने की घोषणा करें जिससे जल्द से जल्द एवं अधिक से अधिक लोगों को टीका लग सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button