लद्दाख

लद्दाख को राज्य बनाने की मांग को लेकर बंद, लेह व करगिल जिलों में चक्का जाम

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

लद्दाख को राज्य बनाने की मांग को लेकर सोमवार को केंद्र शासित प्रदेश बंद रहा। लद्दाख के लेह व करगिल जिलों में चक्का जाम के चलते सार्वजनिक वाहनों के सड़कों पर न उतरने से जनजीवन प्रभावित हुआ। क्षेत्र में दुकानें व व्यापारिक प्रतिष्ठान भी बंद रहे। लद्दाख बंद का आयोजन इस प्रदेश को राज्य बनाने, युवाओं को रोजगार देने के साथ संविधान के छठे शेडयूल से लद्दाखियों की विशिष्ट पहचान बरकरार रखने, क्षेत्र को दो लोकसभा की सीटें व राज्यसभा की सीट देने के मुद्दों को लेकर किया जा गया। लद्दाख बंद के साथ लद्दाख अपेक्स बाडी व कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस की राज्य बनाने, क्षेत्र के लोगों के भूमि, नौकरियों के अधिकार सुरक्षित करने की मांग पर आंदोलन की शुरूआत हो गई। बंद का आह्वान करने वाले संगठनों को क्षेत्र के कई राजनीतिक, सामाजिक दलों के साथ कई व्यापारी, ट्रांसपोर्ट, सामाजिक संगठनों के साथ युवाओं के कई संगठनों ने भी समर्थन दिया। कुछ दिन पहले लद्दाख एपेक्स बाडी ने क्षेत्र के 12 संगठनों के प्रधानों को पत्र लिखकर लोगों की मांगों को लेकर एकजुटता दिखाने के लिए उनका समर्थन भी मांगा था। लद्दाख एपेक्स बाडी के सदस्य छीरिंग दोरजे का कहना है कि यह बंद लद्दाख के बेहतर भविष्य को लेकर एकजुटता का प्रतीक है। उनका कहना है कि केंद्र सरकार की ओर से लद्दाख के भविष्य को सुरक्षित बनाने की इन मांगों को लेकर कोई कार्रवाई नही की गई है। ऐसे में हमारे पास बंद करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button