लूट की फर्जी सूचना देकर पैसा गबन करने वाले दोनों अभियुक्त गिरफ्तार

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
खरगूपुर /गोंडा। थाना खरगूपुर के अंतर्गत दिनांक 28.04.21 को वादी आकाश गोयल पुत्र स्व0 सत्यनारायण अग्रवाल नि0 गोला बाजार थाना कोतवाली बीकापुर जनपद अयोध्या द्वारा थाना खरगूपुर में सूचना दी गयी कि उसका सप्लायर रविकुमार दिनांक 27.04.2021 को लक्ष्मी एजेंसी से 1,58,382/- लेकर मेरी पिकप से आ रहा था कि रास्ते में बुलेरो सवार अज्ञात लोग उक्त रूपये छीन कर फरार हो गये। उक्त घटना को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष खरगूपुर को तत्काल मुकदमा पंजीकृत कर घटना का शीघ्र अनावरण करते हुए अभियुक्तों की गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए तथा घटना के सफल अनावरण के लिए एसओजी टीम को भी लगाया था। जिसके अनुक्रम में थाना खरगूपुर पुलिस/एसओजी की संयुक्त टीम ने सुरागरसी- पतारसी व अन्य साक्ष्यों को एकत्र किया तो यह तथ्य प्रकाश में आये कि सप्लायर रवि कुमार ने अपने साथी सूरज के साथ जालसाजी कर पैसा हड़पने की नियत से लूट की फर्जी सूचना दी है। इस सूचना पर विश्वास करके पुलिस/एसओजी टीम ने उक्त दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो दोनो ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस टीम ने दोनो आरोपियों से गबन की गई संपूर्ण धनराशि ₹1,58,382/- के अतिरिक्त रविकुमार के कब्जे से 01 अदद नाजायज चाकू भी बरामद किया। अभियुक्तों को वास्ते रिमांड माननीय न्यायालय रवाना कर दिया गया।




