सहारनपुर

विश्वकर्मा चौक का ऐतिहासिक पुल ध्वस्त, जिम्मेदार कोई नही?

- करोड़ो रूपये लीकेज पर खर्च करने वाला जलकल विभाग नही ले पाया सुध

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

सहारनपुर। नगर निगम के जलकल विभाग की घोर लापरवाही और बजट की बन्दर बांट में व्यस्तता के चलते अंग्रेजो के जमाने की ऐतिहासिक धरोहर रूपी  विश्वकर्मा चौक का पुल टूट गया लेकिन इसके लिए सम्बन्धित जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्यवाही करना तो दूर उल्टे बिना टेंडर के ही जलापूर्ती के लिए अब काम दे दिया गया है, जिसमें भी खुलकर बन्दर बांट होनी है।

नगर निगम के पार्षदों द्वारा भी समय रहते हुए नगर निगम के जलकल विभाग के एक्स ई एन से लेकर अवर अभियंता एवम जे ई को लिखित में उक्त पुल से होने वाली जलापूर्ती की लीकेज सबंधी सूचना दे दी गयी थी जिसमे लगभग 10 हजार रुपये से ही इसकी लीकेज बन्द की जा सकती थी लेकिन सरकारी धन की बन्दर बांट में व्यस्त सम्बन्धित अधिकारियों ने न ही उस धरोहर के महत्व को समझा और न ही उसकी लीकेज बन्द करने के ही प्रयास किये गए जबकि उस पानी के प्रेशर से ये क्षति होने की सम्भवना को भी व्यक्त कर दिया गया था।

नगर निगम के जलकल विभाग के लगभग 16 करोड़ रुपये सालाना के बजट में जहां 6 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष तो लीकेज बन्द करने के नाम पर ही खर्च किये जाते है, जिसमे इस पुल की लीकेज के लिए बजट  की व्यवस्था नही हो पाई या घोर लापरवाही करके अब खर्च होने वाले लाखों रुपये का बजट बढाना ही उद्देश्य था? और सम्बन्धित एक्स ई एन से लेकर अवर अभियंता एवम जूनियर इंजीनियर ने क्या किया और उस पर काम किस लिए नही हो पाया ये तो पत्रावली की जांच से ही सम्भव हो पायेगा लेकिन इस सम्बन्ध मे  सहारनपुर मण्डल के आयुक्त से मिलकर उक्त मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग करना भी न्यायोचित ही प्रतीत होता है।

वर्तमान में नगर निगम के जलकल विभाग मे देशांतर राणा, विनीत राणा और ललित शर्मा ही सम्बन्धित लीकेज बन्द कराने का कार्य देखते है और 16 करोड़ रूपये के बजट में जहां 6 करोड़ रुपये लीकेज पर व्यय किये जाते है और लगभग 10 करोड़ रुपये की नई सप्लाई लाइन डाली जाती है लेकिन ऐतिहासिक धरोहर के क्षतिग्रस्त हो जाने पर भी कोई कार्यवाही नही होती है। ये भी सर्व शक्तिमान की कृपा रही कि इसमें कोई अपरिहार्य घटना घटित नही हुई और वो भी हो जाती तो उसके लिए भी किसी की कोई जिम्मेदारी नही होती क्योंकि इस दिशा में अभी भी अपेक्षित कार्यवाही लंबित है।

प्रशासनिक स्तर पर इस दिशा में क्या कार्यवाही होती है जहां ये देखना अभी शेष है, अथवा शासन स्तर पर ही कार्यवाही सम्भव हो पाएगी, ये अभी वक्त के गर्भ में छिपा है लेकिन रिमाउंट डिपो की और से चर्च में आने के लिए बना ये लोहे का ऐतिहासिक पुल जो विश्वकर्मा चौक पर स्थित था, अब सहारनपुर की अमूल्य धरोहर नही रहा है और इसके ध्वस्त होने के लिए किसी की जिम्मेदारी निर्धारित अभी नही की गई है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button