वेदना

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
चकोरी के मन और घर में आज सन्नाटा पसरा हुआ था चार झोपड़ी छोड़ कर उसकी बहन का घर था जिसकी माह भर पहले ही गोद हरी हुई थी… परंतु आज उसकी बहन का पति परमानंद अपनी बच्ची को एक नि: संतान दंपत्ति को सौंपने जाने वाला था.. या यूँ कहें कि बेचने वाला था…
इस घनी गंदी बस्ती की सभी झोपड़ पट्टियों में जन्मी सभी बेटियों की लगभग यही कहानी थी…. गरीबी का आलम, दो जून की रोटी के लाले.. और उस पर बेटी का जन्म… मानों घोर पाप… जिसका जल्द से जल्द प्रायश्चित करने का प्रयास किया जाता… बेटी को किसी को देकर, कहीं छोड़ कर या फिर मार कर…. कितनी वेदना की पराकाष्ठा से गुजरता होगा उस माँ का हृदय….. जिसने नौ माह बड़े जतन से अपनी कोख में गर्भस्थ शिशु का पोषण किया होगा…
अपनी बहन लाजो के बारे में सोचते हुए चकोरी का व्यथित मन दो साल पहले घटित घटना को पुन: दृश्य रूप में प्रस्तुत करने लगा….. हाँ.. वह भी तो इस वेदना , दुख को झेल चुकी है.. भले ही उपर से सब कुछ सामान्य लगता हो.. परंतु चकोरी के दिल में अपनी ममता को बेचने का घुमड़ता तूफान और बच्ची को अपने पास ना रख पाने की वेदना लहर चौबीसों घंटे चलती रहती है.. कितना रोई थी.. गिड़गिड़ाई थी.. पैर तक पकड़ लिए थे अपने पति धनीराम के चकोरी ने… तब भी दिल ना पसीजा था धनीराम का… मजबूर था वह भी..चार बच्चे पहले ही थे… जिन्हें मजदूरी कर के बड़ी मुश्किल से पाल रहा था… साथ ही लकवाग्रस्त मां की दवाइयों का खर्चा… पति पत्नी दोनो की मजदूरी करने पर भी कभी कभी उनके यहाँ एक टाइम ही चूल्हा जलता…. उस पर बेटी का जन्म….बेटी उसने नि संतान दंपत्ति को ही दी थी… जिससे उन्हें संतान सुख मिला.. पर एक माँ से संतान छीन कर दूसरी माँ को सुख देना तो न्याय नहीं है…. लेकिन चकोरी कुछ ना कर सकी.. और उसके दिल का टुकडा उससे दूर कर दिया गया……
लेकिन आज चकोरी ने ठान लिया… अपनी बहन लाज़ो को वह जीवन भर उस वेदना को नहीं सहने देगी… जो वह सह रही है…. और वह तेजी से लाज़ो की झोपड़ी की ओर बढ़ने लगी……
भारती यादव ‘ मेधा’
रायपुर छत्तीसगढ़




