वैक्सीन लगवाने के लिए आधार कार्ड जरूरी नहीं

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। यूपी में कोरोना वायरस की नियंत्रण में लगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उनकी टीम की मेहनत का असर दिख रहा है। कोरोना मामलों में कमी हो रही है। रोकथाम के लिए यूपी के 18 जिलों में वैक्सीनेशन का काम तेजी से चल रहा है। इसे लेकर योगी सरकार ने एक अहम फैसला लिया है जिसके तहत अब 18 से 44 साल के लोगों के वैक्सीनेशन के लिए आधार और स्थाई निवास प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं होगी। अब यूपी में निवास करने का कोई भी डॉक्यूमेंट देने पर टीकाकरण किया जाएगा। यूपी में अब स्थायी और अस्थायी रूप से रहने वाले सभी लोगों का टीकाकरण होगा। इससे पहले सरकार ने सिर्फ यूपी वालों को वैक्सीनेशन लगाने का आदेश दिया था। नेशनल हेल्थ मिशन के डायरेक्टर की तरफ से जारी चिट्ठी में कहा गया था कि बड़ी संख्या में दूसरे राज्यों के 18 से 44 साल के लोगों ने वैक्सीनेशन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है, इसके चलते यूपी के लोगों को वैक्सीन नहीं लग पा रही है।




