सीएम योगी से निकटता तो आईजी-एडीजी बेकार

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। अमिताभ ठाकुर तथा डॉ नूतन ठाकुर ने गोरखनाथ मंदिर में कार्यरत मुख्य आरक्षी अजय कुमार सिंह को हटाये जाने की मांग की है। डीजीपी यूपी सहित अन्य अफसरों को भेजे अपने पत्र में उन्होंने कहा कि अजय सिंह 1992 में गोरखपुर में भर्ती हुए और गोरखनाथ थाने में नियुक्त हुए, जहाँ वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संपर्क में आये और उनके विश्वासपात्र तथा प्रिय माने जाने लगे. तब से वे 30 साल से पुलिसकर्मियों के लिए स्थापित नियमों के विपरीत लगातार स्थायी रूप से गोरखनाथ मंदिर, गोरखपुर में ही कार्य करते बताये गए हैं। उन्होंने कहा कि अजय सिंह के तमाम फोटो उनकी आदित्यनाथ के साथ निकटता के सन्देश देते हैं. जहाँ एडीजी तथा आईजी स्तर के अधिकारी मुख्यमंत्री के सामने बाबर्दी अलर्ट मुस्तैद रहते हैं, वहीँ अजय सिंह सादे ड्रेस में बगल में बड़े आराम से खड़े दिखते हैं. इसी प्रकार जहाँ उनसे वरिष्ठ कई अन्य अफसर सामने अलर्ट खड़े रहते हैं, वहीँ वे बहुधा बाबर्दी दुरुस्त वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सादे ड्रेस में सोफे पर आराम से बैठे नजर आते हैं। अमिताभ तथा नूतन ने कहा कि मुख्यमंत्री से निकटता का सार्वजनिक प्रदर्शन, उनकी ये सार्वजनिक भाव-भंगिमा तथा उनके इस प्रकार के फोटोग्राफ पुलिस विभाग तथा आम जनमानस में बहुत अधिक गलत सन्देश दे रहे हैं। अतः उन्होंने इन तथ्यों की जाँच कराते हुए विभागीय गरिमा एवं अनुशासन हेतु यथोचित कार्यवाही करने का अनुरोध किया है।




