
युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
कार्यालय की सबसे शांत और गंभीर जब बोलना ही पड़े तब सच का साथ देते हुए दृढ़ता से अपने कथन को एक बार बोलकर शांत हो जाना।और लोगों की बदले में आने वाली प्रतिक्रिया से कोई सरोकार नहीं रखना। सरला सरल होते हुए हर तरह से दृढ़। यही उम्र कोई 55 वर्ष के आस -पास, सरला नेंं अपने जीवन में ऊंगली पर गिन लो बस इतने ही बसंत देखे थे। वैसे वसंत तो 55 ही आये थे लेकिन उसके नसीब में चंद ही बसंत रहे।जब वह मुझे मिलीं तो उनकी उम्र 55 वर्ष थी।इस बात को भी २० वर्ष हो चुके हैं। 22 वर्ष की उम्र में पति का यूं अचानक मृत्यु को प्राप्त हो जाना।पहाड़़ सी जिंदगी और एक घुटने-घुटने चलने वाले बालक की जिम्मेदारी।जैसे सब कुछ अब खत्म हो चुका था।स्वयं का और बच्चे का पेट भी तो भरना था। परिवार पेंशन इतनी नहीं थी की बच्चे की शिक्षा किसी अच्छे विद्यालय में करा सके।परिवार के अन्य खर्चे भी तो थे ।लगभग 50 वर्ष पूर्व अनुकंपा न्युक्ति बहुत ही आसानी से मिल जाया करती थी।लेकिन घर वालों की सोच वैसी नहीं थी जैसी आज होती है।हमारे घर की बहु बेटियां नौकरी करने घर से बाहर नहीं जाती हैं।उस समय भी सरला जैसी अपने निर्णय की पक्की और तटस्थ महिलाऐं होती थीं उनमें से सरला भी एक थीं। छोटे से कस्बे से निकलकर अब सरला को प्रदेश की राजधानी में नियुक्ति मिली।किराये का छोटा सा एक कमरा और साथ में बच्चा।बड़ी मुश्किल से जीवन में आये इस परिवर्तन को समय के साथ तय करना एक मजबूरी के साथ जरूरत बन गया था। समय अपनी रफ्तार से चल रहा था। इस बीच सरला नें अपने बेटे को पढ़ाया लिखाया और नौकरी से लगा कर उसका ब्याह भी कर दिया ।और अब घर में दो की जगह तीन प्राणी हो गये थे। समय के साथ घर का मकान भी बन गया था । और अब सरला के घर में बेटे का एक बेटा और एक बेटी भी हो चुके थे। वैसे सरला शांत स्वभाव की गंभीर महिला थीं ज्यादा बातचीत वह कार्यालय में अक्सर नहीं करती थीं।लेकिन उस दिन अनुकंपा नियुक्ति पर आयी एक कम उम्र की अपनी महिला साथी से कहा तुमसे अकेले में कुछ बात करनी है । अब वह दोनों महिला क्लब की तरफ जा रहीं थी।रास्ते में सरला नें कहा देखो तुम्हारे सामने अभी पूरा जीवन पड़ा है। तुम जितना जल्दी हो सके अपने इस दुख में से बाहर आ जाओ और विवाह कर लो।जो गलती मैंने करी है वह तुम मत करना। एक उम्र तक घर, नौकरी और बच्चों को अपने पांव पर खड़ा करना उन्हें काम-धंधे से लगा कर उनकी शादी-ब्याह करने में इंसान इतना व्यस्त हो जाता है कि स्वयं के बारे में सोचने की फुर्सत ही नहीं मिलती है। और जब इन सब से फ्री होता है।तब तक बहुत देर हो चुकी होती है। इस उम्र में महसूस होता है कि कोई साथी होना चाहिये। जिससे मन की बात कह सकें। मेरी स्थिति पिछले कुछ सालों से ऐसी है कि बेटा बहु अपने कमरे में या आपस में मगन रहते हैं।और बच्चे बच्चों के साथ खेलते रहते हैं। किसी के पास मुझसे बात करने का समय ही नहीं है और समय कभी मिलता भी है तो घर में कोई बड़ा व्यक्ति भी है जो अकेला महसूस कर रहा है । घर के लोग उससे बात करना आवश्यक नहीं समझते।अपने कमरे में गुमसुम बैठे रहो और अपने आप को घर के सदस्यो की नजरों में नजर अंदाज महसूस करते रहो। यह सब अच्छा नहीं लगता है। तकलीफ होती है और एक साथी की कमी महसूस होती है।मैंने तुम्हें अपने अनुभव से अपना समझ कर सलाह दी है। इसके बाद कुछ ही महिनों बाद सरला की सलाह मान कर उस महिला नें एक विधुर डॉक्टर से शादी कर ली। इस बात को भी लगभग सत्रह-अठारह वर्ष होने को आ रहे हैं।इतने वर्षों में उस महिला नें भी अपने बच्चों को स्थापित कर दिया और आज सरला की सलाह के कारण डॉक्टर साहब के साथ सुख और शांति से हंसी खुशी जीवन व्यतीत कर रही है।
श्रीमती रमा निगम
वरिष्ठ साहित्यकार भोपाल म.प्र.
nigam.ramanigam@gmail.com




