Site icon Yug Jagran

अंजुरी भर धूप

गीता देवी

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

प्यारे प्रियतम को भा जाए,
यदि मेरे हृदय का सुंदर रुप।
तरु का सहारा मिले बेल को,
प्रेम की खिले अंजुरी भर धूप।।

सुख दुख भरे जीवन पथ पर,
मिले एक दूजे का संग अनूप।
रिश्तों की बगिया खिल जाए,
प्रेमांकुर पाए अंजुरी भर धूप।।

हाथ पकड़ के रखना साजन,
मिल न जाए कहीं अंधेरा कूप।
विश्वास की लौ जलाए रखना,
दे देना बस अंजुरी भर धूप।।

कभी गरीबी जीवन में आए,
मन से रहना बनकर तुम भूप।
खुश रहूँगी मैं हर हालातों में,
मन में रखना अंजुरी भर धूप।।

जिम्मेदारी तो बहुत आएंगी,
पकड़ के रखना धीरज का यूप।
दूंगी हौसला हिम्मत का तुमको,
डगर में भरना अंजुरी भर धूप।।

गीता देवी
औरैया, उत्तर प्रदेश

Exit mobile version