युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
रजत ओस की बूँदों से अवनि का श्रृंगार,
सुरभित फुलवारी शतपत्र,गुलदाउदी की बहार,
उष्म निर्जन कानन में शीत तरुवर का नर्तन,
छोटे दिन और लंबी रातें लेकर आया अगहन।
श्री कृष्ण का मार्गशीर्ष है प्रिय महीना,
गोपियों को इसकी महत्ता बताये कान्हा।
महाऋषि कश्यप ने पावन इस महीने में,
की थी सुंदर कश्मीर राज्य की स्थापना।
गेहूँ,जौ,राई,सरसों से सजी खेतों की क्यारी,
अदरक वाली चाय से कर ली सबने यारी।
सुदूर देश से आये प्रवासी पक्षियों का यहाँ बसेरा,
स्याह निशा और धुँधलाया विद्रुम सवेरा।
सच!विहंगम इस प्रकृति की क्रीड़ा है निराली,
कभी धूप से विकल मन कभी धूप लगती प्यारी।
बैठ धूप में बड़े-बुजुर्ग करते बीते दिनों की बातें,
अगहन ऋतु लाया मधु स्मृतियों की बरसातें।
कुछ अलसाया यह मौसम प्यारा,इसमें दो मत नहीं,
पर द्रवित होता हृदय जिनके सर पर छत नहीं।
कहीं मखमली ऋतु पर रचती कवितायें और छंद,
कहीं गूँजता ठिठुरती झुग्गियों में क्रंदन।
रीमा सिन्हा
लखनऊ-उत्तर प्रदेश
