मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में गोंडा जिले के लिए 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। देवीपाटन मंडल में करीब 50 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चार साल की सैन्य सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों को प्रदेश में पुलिस, पीएसी समेत विभिन्न विभागों की भर्तियों में 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। उन्हें भर्ती के लिए परीक्षा नहीं देनी होगी, बल्कि सीधे नियुक्ति दी जाएगी। इससे अग्निवीरों को सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिलेगा।सोमवार को छपिया के तेजपुर में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने युवाओं को रोजगार देने के मुद्दे पर भी सरकार की योजनाएं गिनाईं। उन्होंने कहा कि उन्होंने अखिलेश यादव से कहा था कि गिनती आती है तो गिन लें, अगले छह माह में एक लाख युवाओं को नौकरी दी जाएगी। अब तक 12 से 15 हजार लोगों को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। करीब 4,500 उपनिरीक्षकों, 45 हजार पुलिस कांस्टेबलों और 42 हजार होमगार्डों को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है। शिक्षकों के साथ अन्य विभागों में भी भर्तियां की जाएंगी।
पदक लाओ, हमसे पद पाओ: मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सरकार की नीति है- पदक लाओ, हमसे पद पाओ। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से खिलाड़ियों को भी नियुक्तियां दी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को डिप्टी एसपी और खेल अधिकारी जैसे पदों पर नियुक्त किया गया है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि सरकार ने रोजगार और आगे बढ़ने के लिए कई रास्ते खोले हैं। उन्होंने गोंडा के लोगों को बधाई देते हुए जय हिंद और जय श्रीराम के उद्घोष के साथ संबोधन समाप्त किया।
