युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
मुझे निशुल्क नई रोशनी देने के लिए प्रख्यात नेत्र विशेषज्ञ डॉक्टर प्रजाक्ता सिंह को प्रेरित करने वाले बाबू जेपी सिंह, केमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के प्रांतीय महासचिव श्री सुधीर अग्रवाल, रोज हालचाल लेने वाले श्री सुभाष सिंह पत्रकार तथा समाजवादी भाई श्री संजय श्रीवास्तव को अर्पित है,
अच्छा होगा
—————-
भेदभाव तज राजनीति बस,
नीति लिखे तो अच्छा होगा।
हाथ मिलाकर नवविकास का,
गीत पढ़े तो अच्छा होगा।
योगी व अखिलेश का जैसे,
बीच सदन में हाथ मिला है,
वैसे दोनों का बाहर भी,
हृदय मिले तो अच्छा होगा।
आशीर्वाद, दुआ, खैरियत,
की मन्शा से राजमहल का,
शीश झुके तो अच्छा होगा,
शीश उठे तो अच्छा होगा।
मुखिया दो अवसर हर कर को,
लेकिन हर बचपन के कर में,
रोटी, कलम, किताब, सियाही,
क्षीर रहे तो अच्छा होगा।
गंगा, यमुना,आदि गोमती,
सरयू, तमसा के दामन में,
कोशिश करिए पहले जैसा,
नीर बहे तो अच्छा होगा।
मन्दिर, मस्जिद, गुरुद्वारों में,
हर दिन दीप जलाने वालों,
कुछ दिन बिना भेद बस्ती में,
दीप जले तो अच्छा होगा।
ट्रेनों में थोड़ी सुविधाएं,
हमसे छीन अघाने वालों,
राजा आगे बढ़ बूढ़ों का,
हाथ गहे तो अच्छा होगा।
लाख बुराई है ख़ारों में,
पर फूलों के रक्षक भी हैं,
फूलों की रखवाली खातिर,
खार उगे तो अच्छा होगा।
बहुत गलत है हाथ उठाना,
नहीं उठाना चहिए लेकिन,
अबला की रक्षा में कोई,
हाथ उठे तो अच्छा होगा।
– धीरेन्द्र नाथ श्रीवस्तव
