Site icon Yug Jagran

आज का गीत

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

आलस त्यागो,कर्म करो कुछ,समय गँवाने से क्या होगा?
आखिर घर में बैठे-बैठे,गाल बजाने से क्या होगा?
(१)
प्रेम त्यागकर मानव तो अब,रूखा ही होता जाता है।
नीति त्यागकर मानव तो अब,गीत बुराई के गाता है।
मानव पतन-राह बढ़ता है,कोई रोक नहीं पाता है।
मानव तो अब बिगड़ रहा है,उसे न कोई समझाता है।
बिना चेतना,है अँधियारा,बात बनाने से क्या होगा?
आखिर घर में बैठे-बैठे,गाल बजाने से क्या होगा?
(२)
धर्म मिलाता लोगों को तो,कोय नहीं समझा पाता है।
धर्म-आड़ लेकर के देखो,मानव ज़िद पर अड़ जाता है।
दंगे होते,हैं विवाद नित,मातम तो नित इतराता है।
हे ! भगवन् निज ताप दिखाओ,मेरा जी तो घबराता है।
मानव तू कुछ कर ले चोखा,ख़वाब सजाने से क्या होगा?
आखिर घर में बैठे-बैठे,गाल बजाने से क्या होगा?
(३)
नारी का अब तन है उघड़ा,कोई भी नहिं ढँक पाता है।
देह-प्रदर्शन धंधा है अब,धन से ही सबका नाता है।
मलिन हो रहे हैं मन सबके,कलियुग तो अब इतराता है।
कौन सुनेगा,किसे सुनाएं,मानव अब सुन नहिं पाता है।
निश्चय कर लो,लोग सुधारो,शान दिखाने से क्या होगा?
आखिर घर में बैठे-बैठे,गाल बजाने से क्या होगा?
(४)
धन के पीछे मनुज भागता,वैभव पाने लग जाता है।
मानव तो बस भोगों के ही,गीत मस्त होकर गाता है।
नहीं आचरण मानव का सद्,वह नहिं फर्ज़ निभाता है।
समरसता मिटती जाती है,नित प्रेमभाव तरसाता है।
एक जागरण करना होगा,अब बतियाने से क्या होगा?
आखिर घर में बैठे-बैठे,गाल बजाने से क्या होगा?
(५)
मानव का मन मैला है अब,और मलिन होता जाता है।
मानव के मन कपट भरा है,मानव को दुर्गुण भाता है।
ऊँचनीच अब भी दिखता है,सत्य-न्याय अब हकलाता है।
धर्म-नीति तो बिखर रहे हैं,पाप हमें तो बहकाता है।
कर्म करो तो,श्रेष्ठ बनो तो,अब ढल जाने से क्या होगा ?
आखिर घर में बैठे-बैठे,गाल बजाने से क्या होगा?

-प्रो(डॉ)शरद नारायण खरे

Exit mobile version