Site icon Yug Jagran

उत्सव छाया है

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

सज गई अवध दुल्हन सी

ह्रदय में उत्साह छाया है

भाई लखन आए और

राम सिया का जोड़ा आया है

खुश हो रहे हैं नगर निवासी

खुशियों का माहौल आया है

आओ मिल कर सब दीप जला लें

दीपों का उत्सव दिवाली आया है

हर चेहरे पर मुस्कान भरी है

दिल खुशियों से खिल उठा है

भरत भाई भी बहुत खुश हैं

छोटे भाई का फर्ज निभाया है

हो गई है खुश वो उर्मिला भी

जिसने महलों में वनवास पाया है

ख़ुश हैं माताएँ सारी

माताओं ने गले लगाया है

राम सिया लखन खुश बड़े हैं

आज वे अयोध्या में खड़े हैं

मिट गया सारा अँधियारा है

अंधियारा उजियारे से ही हारा है

कोई नाचे और कोई गाये

किसी ने जयकारा लगाया है

आ गई है राजतिलक की बारी

अयोध्या में उत्सव सा छाया है

सज गई अवध दुल्हन सी

ह्रदय में उत्साह छाया है

रितु शर्मा

दिल्ली 

Exit mobile version