Site icon Yug Jagran

ऐसे भी कोई मरता है भला

डॉ. सुरेश कुमार मिश्रा ‘उरतृप्त’

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

तलवे चाटने वाली चप्पल जब बनाने वाले की कीमत पर बिकती हो और देश भर का पेट भरने वाला किसान अपना उगाया अनाज किसी और के द्वारा तय की गई कीमत पर बेचता हो, तब वह देश स्टैंडप कॉमेडी करने वालों के लिए स्वर्गधाम कहलाता है। अब ऐसे स्वर्गधाम को छोड़कर नर्क भला कौन जाना चाहेगा। यहाँ तक कि सुबह-सुबह टी.वी. चैनलों में लोगों को लुभाने के लिए अस्सी का पेट्रोल मात्र चालीस में बेचने वाले काने बाबा शुद्ध राजनीति के बीच कभी-कभी भूल से अच्छी बातें भी कह देते हैं। मसलन आत्महत्या करने वाले सीधे नर्क में जाते हैं। अब बाबा जी को कौन बताए कि बढ़ती महंगाई, लूटखोरी, बेरोजगारी, गरीबी और लाचारी के बीच थोड़ा-बहुत नमक-मिर्च खाने वाले को तो गुस्सा आएगा ही। ऐसे में मात्र चुनाव कराने और जीतने वाली सरकार को किसान गुस्से में कुछ कह देते होंगे। अब इतना बड़ा पाप करने वाला भला स्वर्ग कैसे जा सकता है? इस पाप के लिए उसे नर्क की सजा नहीं तो ताजपोशी होगी। हाँ, जहाँ तक स्वर्ग और नर्क के बीच में अटकने की बात है तो वह अधिकार मात्र हरिशंकर परसाई के पात्र भोलाराम के जीव को था। वही आखरी सरकारी बंदा था जिसे मरने के बाद पेंशन देने की बात हुई थी। अब न कोई नौकरी है और न पेंशन। जो कुछ भी है वह बस एक टेंशन है। जिसे हर कोई अपने साथ भर-भरकर रखता है। सुना है जब से भोलाराम के जीव की घटना घटी है तब से चैटर बॉक्स नारद धरती को अपनी यात्रा के ब्लैक लिस्ट में रखकर स्वर्ग में ही घूम रहे हैं।

औरों का पेट भरकर खुद भूखा रहने वाला किसान मात्र पत्र-पत्रिकाओं, पुस्तकों में हल पकड़े ठीक लगता है। यथार्थ में वह केवल जहर की बोतल पकड़े उसके नाम पर रिलीज होने वाले करोड़ो-अरबों की आबंटित राशि खाने वाले मंतरी-संतरी और सरकार जैसे सत्तास्वादक के बीच आत्महत्या करने का अपना ही सुख है। एक बार इस अस्थाई दुनिया को छोड़ स्थाई नरक में जाकर खेती करने की चालाकी मन की बात सुनने से भी अधिक मजा देता है।

भगवतगीता के संदेशों को पुस्तकों में छोड़कर आचरण में लाना आठवें अजूबे से कम नहीं है। क्या यह धरती का नर्क स्वर्ग के नर्क की तुलना में किसानों को हल पकड़ने की गारंटिड जॉब दिला सकता है। आत्महत्या करने के लिए आत्मा का होना बहुत जरूरी है। कई लोग जीकर मरते हैं तो कुछ लोग मरकर जीते हैं। मरकर जीने को शब्दकोश में किसान कहा गया है। वे यह क्यों भूल जाते हैं कि जीने के लिए जिस बेशर्मी की आवश्यकता पड़ती है, वह तो नेता अपने साथ-साथ हमेशा रखते हैं। ऐसे नेताओं से थोड़ी बेशर्मी, बेहयापन, निर्लज्जता और अपमान ले लें तो उन्हें आत्महत्या करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। सरकार की नजर में बुजदिल किसान आत्महत्या करते हैं, जबकि निडर खेती-बाड़ी की एबीसीडी जाने बिना लाखों डकार जाते हैं और वे ही आगे जाकर सच्चे और आदर्श किसान कहलाते हैं।

डॉ. सुरेश कुमार मिश्रा ‘उरतृप्त’, मो. नं. 73 8657 8657

Exit mobile version