Yug Jagran

घरों में पढ़ी नमाज, कोरोना से निजात की दुआ

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

उरई/जालौन। कोविड-19 के चलते इस बार भी ईद की खुशियां घरों तक ही सीमित रहीं। न तो ईदगाह और मस्जिदों में भीड़ दिखाई और न ही बाजारों में। लोगों ने घरों में ही नमाज पढ़ी। सोशल मीडिया के माध्यम से एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। ईदगाह और मस्जिदों में सिर्फ पांच-पांच लोगों ने ही नमाज अदा की। नमाज में मुल्क को कोरोना महामारी से निजात दिलाने की दुआ की गई। पर्व को लेकर बच्चे भी काफी उत्साहित दिखे। बच्चों ने भी नए कपड़े पहनकर नमाज की। उरई शहर की क्लब वाली मस्जिद, बजरिया और रामनगर ईदगाह में पांच-पांच लोगों ने नमाज अदा की। मुहम्मदाबाद की पीरो वाली मस्जिद में भी कोविड नियमों का पालन करते हुए नमाज की गई। कोंच प्रतिनिधि के मुताबिक ईद का त्योहार सादगी के साथ मनाया गया। ईदगाह में केवल पांच लोगों सदर ईदगाह शमशाद खां, रमजान खां, अहमद खां, सईद और नमाज पढ़ाने वाले मौलाना सगीर ही मौजूद रहे। इस दौरान एसडीएम अशोक कुमार, कोतवाल बलिराज शाही भी मौजूद रहे। बजरिया पावर हाउस वाली मस्जिद, अथाई की मस्जिद, मस्जिद जीनतुल इस्लाम, मस्जिद कुरैशियान, कटरा वाली मस्जिद व तकिया खुर्रमशाह में भी पांच-पांच लोगों के साथ ईद की नमाज पढ़ी गई। पुलिस और प्रशासन के लोग नमाज के समय इबादतगाहों के आसपास गश्त करते रहे। कोच कस्बे के मुस्लिम बहुल इलाके मोहल्ला आजाद नगर का ट्रांसफार्मर ईद के एक दिन पहले ही खराब हो जाने से लोगों में रोष रहा। लोगों का कहना है कि कुछ ही दिन पहले खराब ट्रांसफार्मर की जगह पर दूसरा ट्रांसफार्मर रखा गया था। जावेद, इमरान आदि ने बताया कि ट्रांसफार्मर में पहले से ही तेल रिस रहा था, जिसकी बिजली विभाग के लोगों ने अनदेखी की। इस कारण त्योहार की खुशियां बिना बिजली के ही मनानी पड़ी। लोगों ने जल्द ही दूसरा ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की है।