युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
हमारे एक मित्र हैं। आए दिन समाचार चैनल देख-देखकर उनके जुबान की धार बहुत तेज हो गई है। कभी-कभी लगता है कि साग-सब्जी भी अब इसी से काटते हैं। वैसे भी जहाँ धारदार जुबान हो वहाँ मुंड चाकुओं के होने का क्या मतलब? वे अक्सर मुझसे कहते रहते हैं कि लड़ाने को यों कुछ भी लड़ाया जा सकता है, पर जुबान लड़ाने का मजा ही कुछ और है। सुनने में बड़ा अजीब लगता है लेकिन किसी के आगे जुबान लड़ा कर देखिए। या तो बिगड़े काम बन जायेंगे। या फिर बने बनाए काम बिगड़ जायेंगे। यह सब जुबान लड़ाने वाले के कौशल पर निर्भर है कि वह कितनी अच्छी तरह से जुबान लड़ा सकता है।
जुबान लड़ाना एक कला है। इसके लिए साधना करनी पड़ती है। ऋषि-मुनि की तरह। अंतर केवल इतना है कि वे ऋषि-मुनियों को एकांत की आवश्यकता पड़ती है, जबकि जुबान लडाने वालों को भीड़ की। चुनावी रैलियों, चाय की टपरी, नुक्कड़ो-चौराहों पर यह माहौल बना-बनाया मिलता है। शरीर में जुबान ही एक ऐसा अंग है जिसमें हड्डी नहीं होती है। इसलिए दुनियाभर के इंसान अलग-थलग हैं। जुबान लड़ाना एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसकी शास्त्रीय व्याख्या बहुत जरूरी है। आप कल्पना करके देख सकते हैं कि यदि कोई व्यक्ति कुछ बोल रहा हो और उसकी बात को काटकर अपनी जुबान लड़ा दें तो स्वाभाविक है कि सामने वाली की ऐसी-तैसी होनी ही है।
आखिर जुबान लड़ाने का अर्थ क्या है? अर्थ इसका काफी विस्तृत है, इसलिए विविधता भी पाई जाती है। जरूरी नहीं कि आप जिस कारण कहीं जुबान लड़ाते हो, हम भी उसी कारण से लड़ाएँ। अर्थात् यह लड़ाने वाले की नीयत पर निर्भर करता है। फिर भी, एक सार्वजनिक अर्थ इसका है, अनावश्यक हस्तक्षेप करना। कोई चाहे, न चाहे, जरूरत हो, न हो। दूसरों के मामलों में दखलअंदाजी करना। यह महज एक सामान्य और सतही अर्थ है। इसके अर्थ की व्यापकता की कोई सीमा नहीं है। यह पूरी तरह जुबान लड़ाने वाले की सुविधा, इच्छा और जरूरत पर निर्भर करता है। अब रही बात कि जुबान लड़ाने की जरूरत क्या है? यह एक शौक है, आदत है या बीमारी? देखिए, पहले इसकी शुरुआत तो एक शौक के रूप में होती है और अंत बीमारी में। जिसको यह शौक होता है, उसे जुबान लड़ाने में मजा आने लगता है। जब इसकी आदत पड़ जाती है, तब वह अवसर ढूँढ़ने लगता है। जब इसकी लत पड़ जाती है, तब उसे जुबान लड़ाए बिना चैन नहीं पड़ता है और अंत में जब बीमार पड़ जाता है, उस अवस्था में, बिना लड़ाए भी लड़ता ही रहता है। यह जुबान लड़ाने का क्लाइमेक्स है।
प्रायः हमने देखा होगा कि कुछ लोग बुढ़ापे में दिन-रात बड़बड़ाते रहते हैं। ऐसे लोगों को यह आदत जवानी में जुबान अड़ाने से आती है, जो बुढ़ापे तक आकर बीमारी का रूप धर लेती है। कोई सुने, न सुने, वे बोलते ही रहते हैं। पहले जहाँ दूसरों को सुनाते थे, अब खुद ही सुनते हैं। सुना है कि विदेशों में लोगों को जुबान लड़ाने की आदत नहीं होती है। पता नहीं, वे फिर जीते कैसे हैं। हम बिना जुबान लड़ाए एक क्षण भी नहीं रह सकते हैं। जुबान लड़ाने को हम अपनी सामाजिक और राष्ट्रीय जिम्मेदारी समझते हैं। इस जिम्मेदारी का एहसास हममें इतना गहरा होता है कि हम प्रायः अपना काम-धंधा छोड़कर भी, जुबान लड़ाने का नैतिक दायित्व पूरी ईमानदारी से निभाए चलते हैं। जहाँ तक जुबान लड़ाने की शैली की बात है, वह सबकी अलग होती है। जो लोग इसका अभ्यास शुरू करना चाहते हैं, वे भूलकर भी, सचमुच किसी के सामने साक्षात् अपनी जुबान नहीं लड़ाते। इससे मूल लक्ष्य बाधित होता है और हमारे हाथ-पैर या सिर के खंडित होने का खतरा भी उत्पन्न हो जाता है, क्योंकि किसी के सामने अपनी जुबान लड़ा देने पर, यह जोखिम हो जाता है कि वह इसका सार्थक उपयोग करते हुए कहीं हमें उठाकर पटक ही न दे। जुबान लड़ाना पूरी तरह से एक मानसिक प्रक्रिया है, इसलिए यह बात करने से अधिक शास्त्रीय है।
डॉ. सुरेश कुमार मिश्रा ‘उरतृप्त’
