Site icon Yug Jagran

जुलाई -अगस्त पौधरोपण का सबसे उपयुक्त समय : डॉ0 अमर सिंह

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

कन्नौज। कृषि विज्ञान केन्द्र, अनौगी प्रक्षेत्र पर वन महोत्सव के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान अनौगी  द्वारा की गई। कार्यक्रम  में 30 कृषक भाइयों ने प्रतिभाग किया। कृषि विज्ञान केंद्र प्रक्षेत्र व अंगीकृत गांवों में लगभग 200 पौधों का रोपण किया गया।

केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ0 अरविंद कुमार ने पौधों के रोपण तकनीक पर विस्तार से चर्चा की एवं फसल विशेष के अनुसार गड्ढे का  साइज रखने की सलाह दी। प्रसार वैज्ञानिक डॉ0 सुशील कुमार ने पौधरोपण पर अपने विचार व्यक्त किए। केंद्र की गृह वैज्ञानिक डॉ0 पूनम सिंह ने फलदार पौधों के रोपण के महत्व पर प्रकाश डाला।

केंद्र के  उद्यान वैज्ञानिक डॉ0 अमर सिंह ने किसान भाइयों को पौधरोपण की तकनीक को विस्तार से बताते हुए कहा कि यदि किसान भाई ऊसर- बंजर में बेर ,बेल ,आंवला रोपण करना चाहें तो गड्ढा की खुदाई के समय पूरी मिट्टी गड्ढे से बाहर निकाल दें तथा उस गड्ढे में तालाब की चिकनी मिट्टी, जिप्सम, पायराइट, बालू, खेती उपजाऊ मिट्टी , सड़ी गोबर की खाद, सिंगल सुपर फास्फेट के साथ गड्ढे को भरने की सलाह दी।

साथ ही साथ अच्छी भूमि में रोपण हेतु गड्ढे की  खुदाई के समय गड्ढे के ऊपर की आधी मिट्टी गड्ढे के एक तरफ रखें तथा नीचे की आधी मिट्टी गड्ढे की दूसरी तरफ रखें। गड्ढे की भराई के समय दोनों मिट्टियों में सड़ी गोबर की खाद, सिंगल सुपर फास्फेट मिलाकर जो मिट्टी पहले निकाली थी उस मिट्टी को नीचे डालें तथा जो मिट्टी बाद में निकाली थी उसको मिट्टी को ऊपर से डालने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि इससे  शत – प्रतिशत पौधों के जीवित रहने की संभावना होगी।

केंद्र की गृह वैज्ञानिक डॉ0 चंद्रकला यादव ने फलों से बनने वाले उत्पादों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ0 अमरेंद्र यादव ने किसान भाइयों को मौसम से संबंधित जानकारी दी एवं सभी किसान भाइयों को 2-2 फलदार पौधे निःशुल्क वितरित किए गए।

Exit mobile version