युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
तेरी औकात से ज्यादा तो मेरे नाम के चर्चे हैं। और
तेरे नाम के चर्चों से ज्यादा तो मेरे तंबाकू के खर्चे हैं।
।। वाह वाह वाह वाह वाह ।।
यह कोई वाह वाह या गर्व करने वाली बात नहीं है। यह तो शर्म करने वाली बात है। अक्सर महफिलों में ऐसे शेर सुनाई दे जाते हैं। और लोग इसे अपनी शान समझने लगते हैं।हो सकता है हमारे पाठक वर्ग में से कुछ लोग तंबाकू उत्पादों का सेवन करते हों। और उन्हें मेरी यह बात बिल्कुल भी पंसद ना आये।हो सकता है वह मुझसे नाराज भी हो जायें। जिंदगी आपकी है तो जाहिर सी बात है मर्जी भी अपनी ही होगी।आप अपनी जिंदगी और अपनी मर्जी के मालिक हैं।हम तो यही कह सकते हैं कि अपना नहीं तों परिवार का करो ध्यान और तंबाकू छोड़कर सबका करो कल्याण। प्रतिवर्ष हम 31 मई को विश्व तंबाकू निषेध दिवस या विश्व टोबैको डे मनाते हैं। और कसमें खाते हैं तंबाकू छोड़ने की। लेकिन कितने लोग अपनी कसमों पर कायम रहते हैं। इस दिन सम्पूर्ण विश्व में तंबाकू के स्वास्थ्य पर आते हुए नकारात्मक प्रभावों का प्रचार प्रसार बड़े जोर शोर से करा जाता है।प्रति वर्ष तंबाकू के सेवन से लाखों लोग की मौत हो जाती है। एक तरफ तो लाखों लोगों की रोजी रोटी जुड़ी होती है तम्बाकू उत्पादों के उत्पादन व्यापार और प्रचार प्रसार के माध्यम से वहीं सरकार के लिये भी यह टेक्स के रूप में आय का अच्छा स्रोत है। फिर इसके सेवन से लोग बिमार होते हैं और डॉक्टर तथा महंगी दवा तथा इलाज में खर्च करते हैं।समाज में यह सायकल चलता ही रहता है।तंबाकू उत्पादन का दवाओं को बनाने के लिये उपयोग करा जाये वहां तक तो आम जन खुश होता है लेकिन इस तरह की व्यवस्था आम जनता की समझ के बाहर है।क्यों कि आम जनता तो बस इतना ही जानती है कि “तंबाकू है धन की बर्बादी और दे जाता है बिमारी और तंगहाली”।हम प्रतिवर्ष तंबाकू दिवस पर एक नई थीम लेकर आते हैं पिछले वर्ष 2020 में हम थीम लेकर आये थे ” युवाओं को इंडस्ट्री के हथकंडे से बचाना और उन्हें तंबाकू और निकोटिन के सेवन से रोकना है “।यहां प्रश्न यह है कि हम इसमें कितने सफल हुए और कितने असफल।इसी तरह इस वर्ष 2021में भी हम एक नयी थीम “छोड़ने के लिये प्रतिबद्ध ” के साथ सम्पूर्ण वर्ष रहेंगे ।हमें स्वयं जागरूक रहते हुए अन्य लोगों को भी उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना होगा।ताकि वह तंबाकू उत्पाद का प्रयोग ना करें एवं स्वस्थ्य रहें।जो लोग भी तंबाकू उत्पाद का सेवन करते हैं उन्हें अपने जीवन में इस बात को पूर्ण रूप से शामिल कर लेना चाहिये कि धूम्रपान (तंबाकू) स्वास्थ्य के लिये हानिकारक है यह वैधानिक चेतावनी सिर्फ सिगरेट के डिब्बे तक ही सीमित ना रह जाये।इसे पढ़ने के साथ ही अपने जीवन में उतारना भी जरूरी है।यहां हम तंबाकू के सेवन से होने वाली बिमारियों पर चर्चा करेंगे तो मेरा मानना है कि इस पर एक दो ही नहीं कई ग्रंथ भी कम पड़ जायेंगे।संक्षेप में हम इतना समझ लें की इसके स्तेमाल से विभिन्न गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के साथ ही कैंसर,दिल से जुड़ी बिमारी, दांतों की एवं अन्य शारिरिक अंगों की बीमारियां अस्तित्व में आकर मनुष्य के शरीर का हर तरह से विनाश कर देती हैं।स्वयं के मानसिक स्वास्थ्य के साथ ही परिवार का मानसिक स्वास्थ्य भी खराब करती है। और धन तथा समय का विनाश तो साथ मैं करती ही है।हम सभी यह जानते हैं और मानते भी हैं की तंबाकू एक नशीला पदार्थ है और इसकी गिरफ्त में एक बार आ जाने के पश्चात् इससे छुटकारा पाना मुश्किल है। लेकिन असंभव नहीं।जन समुदाय की भलाई और जागरूकता को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक तंबाकू उत्पाद पर वैधानिक चेतावनी लिखी जाती है। इसे नज़र अंदाज नहीं करा जाना चाहिये। वैसे भी सेहत का खजाना तो शुद्ध शाकाहारी खाना ही होता है।पिछले दिनों इसी विषय को लेकर मेरा एक लेख सिगरेट पर धूम्रपान दंडीका नाम से प्रकाशित हो चुका है।जब हम यह लेख लिख रहे थे तब जिज्ञासावश मुझे लगा कि मेरे शहर भोपाल में कोरोना काल के दौरान सिगरेट के रेट क्या हैं यह पता लगाया जाये। हमनें जिनसे पूछा उन्होंने हमें बताया कि वह जहां रहते हैं वहां दुकानदार गोल्ड फ्लेक लाईट, क्लासिक माइल्ड और क्लासिक रेगुलर बाईस रुपये में देता है। वहीं छोटी गोल्ड फ्लेक 12 रुपये और फ्लेक मिंट भी 12 में बेचता है। फ्लेक मिंट के बारे में उसने हमें बताया कि इस सिगरेट पर एक बटन बना होता है जब कोई व्यक्ति उसे पी रहा होता है तब उस बटन को दबा दिया जाये तो मिंट की फ्लेवर आती है तथा ऐसा लगाता है जैसे मुंह में बर्फ की बरसात हो रही है। तंबाकू उत्पाद बेचने वाली कंपनियां विभिन्न प्रयोग करके येन केन प्रकारेण अपना तंबाकू उत्पाद हमारे युवाओं को बेचने में किसी भी तरह से सफल हो ही जाती हैं।अक्सर कुछ नया ट्राय करने की चाहत ही हमारे युवाओं को नशे के दलदल में धंसने से रोक नहीं पाती है। वैसे तो बिगड़ने की कोई उम्र नहीं होती है। फिर भी युवा होते बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए और उन्हें यह जरूर बताना चाहिये कि कुछ भी ट्राय करने से पहले उसके अच्छे और बुरे पहलु पर विचार अवश्य करना चाहिये तथा अब तो इंटरनेट का जमाना है उस वस्तु या साधन से संबंधित अनेकों तरह की जानकारी सामाजिक माध्यम पर उपलब्ध है। पहले उसके बारे में जानकारी जुटाई जाये फिर ही ट्राय करने के बारे में निर्णय लिया जाये। अंत में चलते-चलते मैं जिंदगी का साथ निभाता चला गया और हर फिक्र को धुंए में उड़ाता चला गया। यह फिक्र मेरी ही नहीं मेरे जैसे करोड़ों लोगों की है। इसलिये धूम्रपान दंडीका से उठते धुएं पर लगाम लगाईये।क्यों कि धुंआ तो उड़ जायेगा और फिक्र यहीं छोड़ जायेगा। जीवन आपका है और फैसला भी आपका है।
श्रीमती रमा निगम
वरिष्ठ साहित्यकार भोपाल म.प्र.
nigam.ramanigam@gmail.com
