Yug Jagran

दादरी रेलवे स्टेशन पर रोकी गई टाटा मूरी एक्सप्रेस, यात्रियों को बसों से किया गया रवाना, बारिश का असर अब ट्रेनों पर भी

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

नोएडा। लगातार हो रही बारिश आफत बन रही है। बारिश के चलते जगह-जगह पर जलभराव हो रहा है, जिस वजह से आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भारी बारिश का असर अब ट्रेनों पर भी दिखने लगा है। दिल्ली पंजाब रेलवे ट्रैक पर पानी भरने के कारण टाटानगर से जम्मू को जाने वाली टाटा मूरी एक्सप्रेस को रात में एहतियातन तौर पर ग्रेटर नोएडा के दादरी रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। रेलवे पुलिस फोर्स और दादरी पुलिस ने लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को ट्रेन से बाहर निकलने आग्रह किया। सवारियों को बस के माध्यम से दिल्ली के लिए रवाना किया।
दिल्ली-पंजाब ट्रैक पर दिल्ली के पास ओर आगे भी पानी पटरी पर लबालब भरा हुआ है। जिसके कारण रेलवे की तरफ से एहतियातन टाटानगर से जम्मू तवी को जाने वाली ट्रेन टाटा मूरी एक्सप्रेस को आनन-फानन में सोमवार रात को 10 बजे दादरी रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। जिसके बाद रेलवे पुलिस फोर्स और दादरी पुलिस के द्वारा प्लेटफार्म पर लाउडस्पीकर के माध्यम से सवारियों को ट्रेन खाली करने को कहा गया।
जब पूरी ट्रेन खाली हो गई तो पुलिस के द्वारा सवारियों को बस में बैठाकर आगे के लिए रवाना कर दिया गया। इस मामले पर रेलवे पुलिस फोर्स थाना दादरी प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि टाटानगर से जम्मू जा रही टाटा मुरी एक्सप्रेस ट्रेन को सोमवार रात को दादरी के रेलवे स्टेशन पर रोक लिया गया। क्योंकि सूचना मिली थी कि भारी बारिश के कारण दिल्ली से आगे ट्रैक पर पानी भरा हुआ है। ट्रेन में तकरीबन 200 यात्री सवार थे, ट्रेन को खाली कराने के बाद उसे वापस से टाटानगर के लिए रवाना करवा दिया गया। ट्रेन चेक करने के बाद सारे यात्रियों को बाहर निकालकर दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।