Site icon Yug Jagran

दीपोत्सव ऐसा मनाएं

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

जाति धर्म की विद्वेष भावना

परस्पर वैमनस्यता का दुराभाव

जला डाले पटाखों संग मिलकर

नवपथ के अनुगामी बन जाए

आओ ऐसा दीपोत्सव मनाए

फुलझडियां की मानिंद खुशियां बिखेरें

हम अनार सदृश अनंत उमंगें उकेरे

नव आभा नव विभा को सदा संजोकर

पावन स्नेह गंगा अविरल बहाए

आओ ऐसा दीपोत्सव मनाएं

गति धृति कृति देख मानव की

सजे भाल पर स्वेद कण के मोती

सामग्री रजनी को दीपों से सजाकर

उषा महावर को हम आज लगाए

आओ ऐसा दीपोत्सव मनाएं

जिस घर दर पर दिखे अंधेरा

दीपमाला से अवलोकित कर जाए

आकांक्षाएं दमनित जिनकी गरीबी में

उन चेहरों की मुस्कान हम लौटाएं

आओ ऐसा दीपोत्सव मनाएं

सिसकती मानवता विहसे फिर से

कार्य हम कुछ ऐसा कर जाएं

अदम्य साहस की प्रेरणा भरकर

समाज में जाग्रति की मशाल जलाएं

आओ ऐसा दीपोत्सव मनाएं

हो चारों ओर खुशियों का बसेरा

दुःख की कारी बदरी हट जाएं

साहस का दीप तेल पराक्रम का

आशाओं की बाती हम जलाएं

आओ ऐसा दीपोत्सव मनाएं

अलका शर्मा, शामली, उत्तर प्रदेश

Exit mobile version