Site icon Yug Jagran

देश का बेटा

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

रमोला से एक चैनल के पत्रकार ने पूछा,”मैडम, आज आपके बेटे रविश ने भारत, पाकिस्तान बॉर्डर में महत्वपूर्ण काम किया है, एक पाकिस्तानी को छुपते हुए बैरक के पास आते देखा, और समाप्त किया, उसे इनाम मिलने वाला है, आपको कैसा लग रहा है।”
“एक प्रश्न और मैडम, आप एक फौजी जो आपरेशन ब्लू स्टार में मारे गए, उनकी पत्नी है, फिर भी आपने अपने बेटे को एनडीए में भेजा, देश सेवा के लिए, क्या आपको डर नही लगा।”
“बताती हूँ, जब मेरे श्रीमान जी के शहीद होने की खबर मुझ तक पहुँची, मैं सबको पागल समझ रही थी, ऐसा नही हो सकता, ये सब झूठ बोल रहे हैं, पर सत्य तो पत्थर की लकीर की तरह था, और दो दिन बाद जब तिरंगे में लिपटे मेरे कर्णधार आये, तो मुझे मानना पड़ा।”
“उसके दो महीने बाद रविश का जन्म हुआ। उसी समय श्रीमान जी के दोस्त आये और उनकी लिखी एक चिट्ठी दी।
पत्र में उन्होंने लिखा था, मेरी डयूटी लगी है, कभी भी मुझे जाना पड़ सकता है, अपना और आने वाले मेहमान का बहुत ध्यान रखना। हमेशा याद रखना एक सेनानी अगर वीरगति को प्राप्त होता है, तो उसे और उसके परिवार को फख्र होना चाहिये। और एक बात ध्यान रखना, मेरी जो भी औलाद हो, लड़की या लड़का उसको फौजी ही बनाना, तब ही मेरी आत्मा को शांति मिलेगी, मेरा देश के प्रति समर्पण भी तभी देश की संपदा मानी जायेगी। ”
और मैने बेटे रविश को भी फौज में भेजा, आज मैं गर्वित हूँ कि वो भारत माँ का भी बेटा है।

स्वरचित
भगवती सक्सेना गौड़
बैंगलोर

Exit mobile version