Site icon Yug Jagran

पंजाब में आम आदमी सरकार बनी तो हर परिवार को 300 यूनिट बिजली फ्री, पेंडिंग बिल माफ, कटे कनेक्शन होंगे बहाल: केजरीवाल

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

चंडीगढ़/पंचकूला : दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल आज चंडीगढ़ में घोषणा की कि अगर आम आदमी पार्टी पंजाब के आगामी विधानसभा चुनाव में जीतकर सरकार बनायेगी तो हर परिवार को 300 यूनिट बिजली फ्री दी जायेगी। उन्होंने कहा कि इस घोषणा से पंजाब में 80 प्रतिशत लोगों का बिल जीरो हो जाएगा। उन्होंने वादा किया कि बिल जीरो करने के साथ साथ पंजाब में 24 घंटे बिजली दी जायेगी। इसके अलावा अरविंद केजरीवाल ने यह भी घोषणा की कि बिजली के सभी पेंडिंग बिलों को माफ किया जायेगा और जिनके कनेक्शन बिल न देने के कारण कटे हैं उनके कनेक्शन बहाल होंगे। उन्होंने कहा कि ये ‘कैप्टन’ के नहीं, केजरीवाल के वादे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में बिजली मिलती है, पंजाब में बनती है मगर पंजाब बिजली बना के भी सबसे महंगी बिजली देता है। उन्होंने कहा कि सरकार बनते ही पहली कलम से बिजली माफ होगी। इससे पूर्व आज दोपहर दिल्ली सीएम एयरपोर्ट से सीधे यूटी गेस्ट हाउस पहुंचे। वहां से वह कुछ देर बाद चंडीगढ़ के सेक्टर 27 स्थित प्रेस क्लब में पत्रकारों को संबोधित करने पहुंचे। वहां स्टेज पर पहुंच कर केजरीवाल ने पंजाब के अन्य आप नेताओं के साथ एकजुट होकर चुनावी रण की घोषणा की। आप के पंजाब अध्यक्ष भगवंत मान भी उनके साथ थे। भगवंत मान ने इस अवसर पर कहा कि सबसे पहले हम पंजाब का सालाना बजट 1 लाख 80 हजार करोड़ करेंगे। उन्होंने कहा कि एससी, ओबीसी, बीपीएल के लिये एक ही बिजली रेट होगा।

Exit mobile version