Site icon Yug Jagran

प्राची में अरुण उगा

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

प्राची में अरुण उगा ज्यों नील सरोवर कंज खिला।

भ्रमर गा रहे रागिनी पीने को मधु मकरंद मिला।

तितली करतीं नर्तन नव सुमनों पर मोहित होकर,

सोया उपवन जाग उठा जीवन का शुभ रंग मिला।।

जगे सभी सोये तट निर्मल निर्झर, सर, सरिता के।

पद-छंद जगे ले अंगड़ाई कवियों की कविता के।

देवालय में अब शंख बजे, गूंजे स्वर अर्चन के,

पनघट पर बाज उठे कंगन पनिहारिन वनिता के।

उठ सुंदर बाला क्यों कोमल सपनों में खोई है।

मुख देख लगे मानो लेटी कंज कली कोई है।

लाया हूं पाटल जल शीतल धो लो मुख नयन अभी,

कलरव करते खग पूछ रहे क्यों अब तक सोई है।।

•••

प्रमोद दीक्षित मलय

शिक्षक, बांदा (उ.प्र.)

मोबा. 94520-85234

Exit mobile version