युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
मृदु मनोहर मतवाला बचपन,
सबसे प्यारा होता बचपन।
छल कपट से परे वो ज़माना,
रूठ जाने पर माँ का मनाना।
पल में दोस्ती पल में अनबन,
सबसे प्यारा होता बचपन…
गर्द-रज में खेल कर आना,
कीटाणओं को धूल चटाना।
वर्षा में कागज़ की नाव बनाना,
बिन छतरी स्कूल से आना,
सुंदर सुरभित सुरमई घन,
सबसे प्यारा होता बचपन…
पास पड़ोस सब अपने थे तब,
ना थी को जात-पात और मज़हब।
सलमा की ईद में सेवाईंयां खाते थे,
और होली पर गुजिया उसे खिलाते थे।
मिलन मैत्री और अपनापन,
सबसे प्यारा होता बचपन…
मास्टर जी तब हिटलर लगते थे,
पाठ याद न करने की सजा देते थे।
उनके ही बागों से अमिया चुराना,
सजा के बदले कुछ यूँ कर जाना,
न कोई फ़िकर,फुरसत का जीवन,
सबसे प्यारा होता बचपन…
गुड्डे गुड़ियों की शादी रचाना,
नानी से उनके कपड़े सिलवाना।
राजा-रानी और परियों के किस्से,
यह सब थे दादी के हिस्से।
लाड़ लड़ाई और लड़कपन,
सबसे प्यारा होता बचपन…
गर्मी की छुट्टियों में धमाचौकड़ी,
न कोई पढ़ाई न कोई नौकरी।
भाई बहनों संग देर तक जागना,
फिर भी सुबह सैर को जाना।
थकन थकावट न शिकन,
सबसे प्यारा होता बचपन…
मिल जाये जो फिर से मौका,
लगाऊँगी मैं अबकी चौका।
मृदु दिन को मैं पुनः जी लूँगी,
उसी दौर में ,मैं सदा रहूँगी।
भले उम्र हो जाये तब पचपन,
लौटा दो कोई मेरा बचपन…
रीमा सिन्हा
लखनऊ-उत्तर प्रदेश
