युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
बरखारानी जमकर बरसो
पर इतना ध्यान रहे,
जिनके सर पर छत नहीं
शेष उनका भी मान रहे!
सौंदर्य तुम्हारा कहीं
किसी के लिए
न घातक बन जाये,
निबलों पर मृदु ही रहे
किसी के लिए न आफत बन आये!
जो हैं निरीह असहाय,
लपेटे हैं खुद को चिथड़ों में,
पहुँचना हौले उनके पास
जी रहे जो टुकड़ों में!
प्रकृति तुम मत होना विकराल
अभी भी जगत विषम है,
बरसे बादल ही नहीं,
आँख भी तो कुछ नम हैं!
मेघ तुम उमड़ो बेशक आज
मगर फिर इतना ध्यान रहे,
जिनके सर पर छत नहीं
शेष उनका भी मान रहे!!
स्वरचित सर्वाधिकार सुरक्षित© डॉ०श्वेता सिंह गौर
हरदोई
