Site icon Yug Jagran

मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह जीतीं, बोली- जनता के आर्शीवाद से संभव हुआ

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

शिमला : हिमाचल प्रदेश की तीन विधानसभा और लोकसभा की एक सीट के लिए हुए उपचुनावों के परिणाम घोषित होने शुरू हो गए हैं। प्रदेश की मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह करीब 8766 वोटों से चुनाव जीत गई हैं। उन्होंने करीब 365650 वोट हासिल किए। जबकि भाजपा प्रत्याशी कुशाल सिंह ठाकुर को 356884 वोट मिले। उपचुनाव में कुल 742771 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इनमें से 12626 ने नोटा दबाया।
वहीं, जीत के बाद प्रतिभा सिंह ने कहा कि जनता के आर्शीवाद से यह संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस जीत दर्ज करेगी। कहा कि जिस तरह से उपचुनाव में कांग्रेस को समर्थन मिला उससे ऐसा लग रहा है कि जनता ने आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को समर्थन देने का मन बना लिया है।  प्रतिभा ने कहा कि उपचुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में हुआ विकास रहा। इसके महंगाई भी एक बड़ा मुद्दा रहा। लोगों में महंगाई को लेकर गुस्सा है और इसका प्रभाव उपचुनाव में दिखा।
वहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि उपचुनाव में आए जनमत को वे स्वीकार करते हैं। उन्होंने  विजयी प्रत्याशियों को बधाई दी। साथ ही कहा कि उपचुनाव में भाजपा की जो कमियां रहीं, उन्हें सुधारा जाएगा और पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए काम करेगी। कहा कि मंडी संसदीय सीट पर हार का अंतर बहुत कम रहा है।
जुब्बल-कोटखाई विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने बाजी मार ली है। अंतिम राउंड में इस सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रोहित ठाकुर ने 6103 मतों से आगे रहे। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी चेतन बरागटा को 23344 वोट मिले। भाजपा की नीलम सरैइक को 2584 और निर्दलीय प्रत्याशी सुमन कदम को 170 वोट मिले। नोटा 172 है।  रोहित ठाकुर की बढ़त को देखते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है।
फतेहपुर सीट से कांग्रेस उमीदवार भवानी सिंह पठानिया 5789 वोटों से चुनाव जीत गए हैं। 24 चरणों की मतगणना में भाजपा प्रत्याशी बलदेव ठाकुर को 18660, भवानी सिंह पठानिया को 24449, जनक्रांति पार्टी के पंकज दर्शी 375, अशोक सोमल(निर्दलीय) को 295 और निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. राजन सुशांत को 12927 वोट मिले। वहीं उपचुनाव में 389 ने नोटा दबाया। अर्की विधानसभा उपचुनाव में भी कांग्रेस ने जीत हासिल की है। यहां से कांग्रेस के प्रत्याशी संजय अवस्थी ने जीत हासिल की है।

Exit mobile version