महराजगंज : पुलिस और पशु तस्करों में मुठभेड़, फायरिंग में अपराधी व एक पुलिस कर्मी घायल

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
महराजगंज : महराजगंज क्राइम ब्रांच व फरेंदा पुलिस ने मुठभेड़ में बनकटी वन चौकी के पास दो पशु तस्करों के पैर में गोली मार दिया। दोनों जख्मी होकर गिर पड़े। उसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ की इस घटना में पशु तस्करों की तरफ से फायरिंग में एक पुलिस कर्मी को भी गोली लगी है। दोनों बदमाश व घायल सिपाही को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी प्रदीप गुप्ता ने घटना स्थल का जायजा लिया। फरेंदा पहुंच जानकारी ली।
एसपी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि कुशीनगर जनपद के ग्राम सभा डोमन छपरा थाना खड्डा निवासी फिरोज खान पुत्र सिकंदर व हैदर अली पुत्र मुस्तफा अली निवासी भुजौली बुजुर्ग टोला दरोगा सिंह थाना खड्डा जनपद कुशीनगर गोवध में वांटेड थे। दोनों के खिलाफ कुशीनगर व महराजगंज जिले में कई केस दर्ज है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रूपये का पुरस्कार घोषित किया गया था। मंगलवार रात 11.10 मिनट पर स्वाट टीम प्रभारी आशुतोष सिंह व फरेंदा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक गिरजेश उपाध्याय बनकटी वन चौकी के पास गश्त करते हुए पहुंचे थे। उसी दौरान दोनों तस्कर आते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया। इस पर आरोपित पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दिए।
पुलिस मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग शुरू की। इसमें फिरोज व हैदर के पैर में गोली लगी। स्वाट टीम के सिपाही राम भरोस के बाएं हाथ में गोली लगी। तलाशी में दोनों के पास से दो तमंचा, कारतूस बरामद हुआ। सभी घायलों को बनकटी सीएचसी में भर्ती कराया गया। एसपी ने बताया दोनों पशु तस्कर फरेंदा थाना के वंचित थे। प्रकरण में कार्रवाई की जा रही है।




