Site icon Yug Jagran

माँ को भी माँ दे दो

क्षमा शुक्ला

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

जब बोझिल होकर थकती है
कुछ तस्वीरों को तकती है
ढूंढती रूठे मनुहार को
पीछे छुटे हर दुलार को
इस पल तुम भीगे पलको को
हथेली का आसरा दे दो…
कभी माँ को भी एक माँ दे दो
अक्सर वो कम समझती है
तेरे कम को ज्यादा करती है
तुम भीतर जितना रखते हो
शायद वो बाहर रखती है..
पर भरे कंठ जब चुप सी हो वो
उसे अपनी मीठी जुबां दे दो
कभी माँ को भी तो माँ दे दो ..
हो गए ˈडिजिटल बड़ी बात है,
रहो कम्फर्टेबल सही बात है
ऑनलाइन हो स्नेह भेजते
माँ सहेजती हर सौगात है
जिन स्पर्शो ने उसे मां कर डाला
कभी वो स्पर्शी तोहफा दे दो
कभी मां को भी तो मां दे दो
बिल्कुल बच्चों सी करती है
हर दम जिद पर ही रहती है
तेरी समझदारी भूल बैठती
तुझे वक्त पर खाने कहती है
माना ये तुझे पसंद ना है
पर उसे थोड़ी बचपना दे दो
कभी माँ को भी तो माँ दे दो
गर सोच रहे कल प्यार करोगे
फुर्सत में होकर मनुहार करोगे
कहीं तबतक थककर सो ना जाये
हर रोज सुबह उठने वाली को,
फिर किसी सुबह ना जगा सकोगे
जिन साँसों के तुम साँस हुए हो
उन साँसों को भी जां दे दो
कभी माँ को भी तो माँ दे दो

क्षमा शुक्ला
औरंगाबाद बिहार

Exit mobile version