युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
बांदा। बांदा जिले में पैलानी थाना क्षेत्र के खप्टिहा कलां के मौरंग खदान में आपसी विवाद के बाद गोलीबारी की घटना सामने आई है। जिसमें एक युवक के दाहिने पैर में गोली लगने से वह लहूलुहान हो गया। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल युवक को बांदा जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया है। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। बता दें कि पैलानी थाना क्षेत्र के मौरंग खदान में किसी बात को लेकर खदान के कर्मचारियों में आपसी विवाद हो गया। विवाद में किसी ने अवैध तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली लगने से एक युवक लहुलुहान हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। कर्मचारियों ने बताया कि खदान में किसी बात को लेकर आपसी विवाद चल रहा था तभी मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी और भाग निकले। पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
