युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
करनैलगंज/गोण्डा। श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की जनजागरूकता के लिए रविवार को नगर में अयोध्याधाम से आए पूजित अक्षत के साथ राम भक्तों ने भव्य शोभायात्रा निकाली। इस दौरान पूरा नगर राममय हो गया। अयोध्या में आगामी 22 जनवरी को श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा होने वाली है। भव्य मंदिर बनकर तैयार हो रहा है।
इस पावन अवसर पर होने वाली खुशी करनैलगंज के राम भक्तों में दिखने लगी है। रविवार को आयोजित अक्षत कलश यात्रा में उत्साह से लबरेज राम भक्त जय श्रीराम का उद्घोष करते हुए चल रहे थे। यात्रा स्थानीय डाकबंगले से निकल कर बस स्टॉप, मौर्यनगर चौराहा, चौक घंटाघर, गाड़ी बाजार, लारी रोड व तहसील रोड होते हुए पुनः डाक बंगले में आकर संपन्न हुई।
यात्रा में श्रीराम मंदिर की झांकी भी शामिल रही। यात्रा संपन्न होने पर सभी प्रखंड से आये पदाधिकारियों को कलश सौंपे गए। इस दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि रामजीलाल मोदनवाल समेत संघ और भाजपा के विभिन्न आनुषांगिक संगठनों के कार्यकर्ताओं के अलावा तमाम महिलाएं भी शामिल रहीं।